भीषण अग्निकांड : भरमौर में दोमंजिला मकान जलकर राख

Friday, Nov 15, 2019 - 09:07 PM (IST)

भरमौर (ब्यूरो): जनजातीय उपमंडल की दूरदराज पंचायत बड ग्रा के प्लानी गांव में हुए भीषण अग्निकांड में एक दोमंजिला मकान जलकर राख हो गया। अग्निकांड में प्लानी निवासी महाजन राम पुत्र प्रिथो राम का सब कुछ जलकर राख हो गया है। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर का मालिक महाजन राम परिवार सहित अपने किसी रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में भाग लेने गया हुआ था।

गैस सिलैंडर के धमाके से प्रबल हुई आग

घर में किसी के न होने से आग लगने की जानकारी भी गांव वासियों को तब मिली जब आग भयंकर रूप धारण कर चुकी थी। बताया जा रहा है कि आग लगने के दौरान घर में रखे गैस सिलैंडर में धमाके के बाद आग और अधिक प्रबल हुई। गांव वासियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया मगर तब तक स्लेटपोश दोमंजिला मकान पूरी तरह से आग की भेंट चढ़ चुका था। आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

नुक्सान के आकलन को भेजी टीम

बेशक इस घटना में जानी नुक्सान की कोई सूचना नहीं है लेकिन महाजन राम की वर्षों की कमाई मिनटों में राख हो गई। पंचायत प्रधान काहन सिंह कपूर ने घटना की सूचना प्रशासन को दी। अतिरिक्त जिला मैजिस्ट्रेट पीपी सिंह ने राजस्व विभाग की टीम को नुक्सान के आकलन हेतु भेज दिया है तथा तुरंत राहत राशि के रूप में 10 हजार रुपए की फौरी राहत प्रभावित परिवार को दी है।

Vijay