बिरोजा फैक्टरी में लगी भीषण आग, करोड़ों रुपए के नुक्सान का अनुमान

Tuesday, Feb 22, 2022 - 09:24 PM (IST)

नाहन (दलीप): पच्छाद उपमंडल के तहत जामन की सैर पंचायत के साथ लगते कुहट गांव में स्थित बिरोजा फैक्टरी में भीषण आग लग गई। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फैक्टरी प्रबंधन के मुताबिक इस घटना में करोड़ों रुपए के नुक्सान का अनुमान है। हालांकि घटना में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। अभी तक नुक्सान का आकलन किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को करीब सवा 3 बजे भंडारी रोजन एंड टरपरटाइन फैक्टरी के एक हिस्से में अचानक आग लग गई, जिसके बाद फैक्टरी के भीतर काम करने वाले कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। फैक्टरी में आग लगते ही कर्मचारी बाहर निकल गए और इसकी सूचना फैक्टरी प्रबंधन को दी परंतु तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस थाना पच्छाद व फायर ब्रिगेड नाहन को दी गई, जिसके बाद दोनों विभागों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची। टीमों ने कई घंटे की मश्क्कत के बाद फैक्टरी में लगी आग पर लगभग काबू पाया। बता दें कि पिछले वर्ष भी इस बिरोजा फैक्टरी में आग लग गई थी। उस समय भी काफी नुक्सान हुआ था।

वहीं भाजपा नेता एवं उद्योगपति बलदेव सिंह भंडारी ने बताया कि जैसा कि जानकारी मिली है कि आग शाॅर्ट सर्किट के कारण लगी है। फैक्टरी में रखा कच्चा माल इत्यादि आग की भेंट चढ गया है। अभी तक आग से हुए नुक्सान का आकलन किया जा रहा है। इस घटना में करोड़ों रुपए के नुकसान का अनुमान है। उधर, राजगढ़ के डीएसपी भीष्म सिंह ठाकुर ने कहा कि पुलिस को जैसे ही सूचना मिली तो तुरंत मौका स्थल पर टीम को भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट आग का कारण लग रहा है। आकलन के बाद ही नुक्सान के बारे में पता लग सकेगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay