Hamirpur: बड़सर में चलती कार बनी आग का गोला, चालक की सूझबूझ से बाल-बाल बचा परिवार

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 06:20 PM (IST)

बड़सर (नवनीत): हमीरपुर जिले के बड़सर उपमंडल के अंतर्गत मक्कड़ गांव के पास एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां एक चलती क्विड कार में अचानक भयंकर आग लग गई। गनीमत यह रही कि कार चालक की समय रहते दिखाई गई सतर्कता के कारण कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब कार सवार लोग गलोड़ से सलौणी की ओर जा रहे थे। सफर के दौरान जैसे ही उनकी गाड़ी मक्कड़ गांव के पास पहुंची तो गाड़ी से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी। गाड़ी से धुआं निकलता देख चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और तुरंत कार को सड़क के किनारे लगा दिया। बिना कोई देरी किए उसने कार में बैठे अपने सभी परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सवारों के बाहर निकलने के कुछ ही पलों बाद कार पूरी तरह से आग के गोले में तब्दील हो गई।

वहीं हादसे के जानकारी दमकल विभाग को भी दे दी गई थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जलती हुई कार पर पानी की बौछारें डालकर आग बुझाने और गाड़ी को बचाने का प्रयास किया, लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक गाड़ी पूरी तरह से जल चुकी थी। फिलहाल गाड़ी में आग कैसे लगी, इसके कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस घटना में गाड़ी मालिक को लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News