कुल्लू की तीर्थन घाटी व मनाली में 2 मकान जलकर राख, 5 परिवारों को लाखों का नुक्सान

Wednesday, Jan 27, 2021 - 10:25 PM (IST)

कुल्लू (ब्यूरो): कुल्लू जिला के अंतर्गत आती तीर्थन घाटी व उपमंडल मनाली में 2 मकान आग की भेंट चढ़ गए हैं। दोनों घटनाओं में लाखों रुपए का नुक्सान हो गया है। जानकारी के अनुसार तीर्थन घाटी की नवगठित ग्राम पंचायत पेखड़ी के नाहीं गांव के साथ लगते नारायण देहुरा में बुध राम पुत्र हुकम राम के दोमंजिला मकान में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग व आसपास के गांवों से लोग भी आग बुझाने के लिए मौके पहुंचे लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके और देखते ही देखते मकान आग की भेंट चढ़ गया। ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना प्रशासन को दी। वहीं तहसीलदार बंजार विपिन शर्मा ने कहा कि इस घटना में परिवार को लगभग 8 लाख रुपए आसपास नुक्सान हुआ है। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को 5 हजार रुपए की फौरी राहत राशि दी गई है। बता दें कि इस गांव के लिए अभी तक सड़क भी नहीं निकली है। वहीं गांव में अक्सर पानी की भी दिक्कत रहती है। 

मनाली के भनारा में मकान जला, 4 परिवार बेघर

उधर, उपमंडल मनाली के भनारा गांव में आग लगने से एक मकान जलकर राख हो गया। मकान में आग लगने से 4 परिवारों नाथू राम पुत्र लछु, घनथू राम पुत्र रामू, कास्तु राम पुत्र जोग राज व दिले राम पुत्र शिबू को लगभग 10 लाख का नुक्सान हुआ है। हालांकि इस घटना में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ है। यह मकान काष्ठकुणी शैली का बना हुआ था। आधी रात 12 बजे जैसे ही ग्रामीणों को आग लगने की सूचना मिली तो वे घटनास्थल की ओर भागे लेकिन देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपने आगोश में ले लिया। सब फायर ऑफिसर प्रेम सिंह ने बताया कि जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक पूरा मकान आग की भेंट चढ़ चुका था। उन्होंने बताया कि 4 परिवारों को लगभग 10 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है जबकि साथ लगती 25 लाख की संपत्ति को बचा लिया गया है। एसपी.गौरव सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Vijay