हिन्दुस्तान लीवर कंपनी का नकली सामान बेचने पर दुकानदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

Thursday, Mar 17, 2022 - 11:36 PM (IST)

कांगड़ा (कालड़ा): उपमंडल कांगड़ा के बाजार में हिंदुस्तान लीवर कंपनी का नकली सामान बेचने पर कांगड़ा के कुछ व्यापारियों पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इसकी बाकायदा शिकायत हिंदुस्तान लीवर कंपनी के अधिकारियों ने की थी। जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले हिंदुस्तान लीवर कंपनी के अधिकारियों को शिकायत मिली थी कि कांगड़ा के बाजारों में कंपनी का नकली सामान मिल रहा है। इसकी पड़ताल बाकायदा कंपनी के अधिकारियों ने कांगड़ा आकर की, जिसके बाद वीरवार को इस पर मिली शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई अमल में लाई। जानकारी के अनुसार कंपनी के अधिकारी काफी दिनों से कांगड़ा में डेरा डाले हुए थे और उन्हें मिली शिकायत की जांच पड़ताल अपने स्तर पर कर रहे थे। 

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अपनी जांच में कंपनी के अधिकारियों ने पाया कि कांगड़ा के बाजार में जो सामान उनकी कंपनी के नाम पर बेचा जा रहा है वह नकली है। इसके बाद कंपनी ने इसकी शिकायत पुलिस में की। शिकायत के बाद पुलिस जांच में कांगड़ा के कुछ दुकानदारों पर नकली सामान बेचने पर मामला दर्ज किया है। अब पुलिस यह जांच करने में जुटी है कि उक्त सामान कांगड़ा के इन दुकानदारों के पास किसने पहुंचाया और उक्त व्यक्ति कहां से नकली सामान ला रहा है तथा कहां-कहां कंपनी के नकली सामान की सप्लाई कर रहा है। थाना प्रभारी भारत भूषण ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और उक्त मामले की छानबीन की जा रही है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay