सुखराम वीरभद्र के खिलाफ लड़ रहे अपने अपमान की लड़ाई

Sunday, Nov 05, 2017 - 01:25 PM (IST)

मंडी: हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट पर चुनावी घमासान पूरे शबाब पर नजर आ रहा है। सत्ता के तराजू को अपने पलड़े की ओर झुकाने के लिए हर नेता पूरी कोशिश कर हैं। इस बीच कांग्रेस पार्टी में मंत्री रहे अनिल शर्मा जो बीजेपी में शामिल हो गए हैं और मंडी से बीजेपी के उम्मीदवार हैं उनके प्रचार के लिए उनके 92 वर्षीय पिता पंडित सुखराम सुबह आठ बजे प्रचार के लिए लोगों के बीच चले जाते हैं। इस बुढ़ापे में प्रचार की बागडोर संभालने के बारे में जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने इसका राज खोल दिया। कांग्रेस पार्टी में केंद्रीय मंत्री रह चुके सुखराम ने प्रचार के दौरान दिल की बात मीडिया के सामने रख दी। उन्होंने बताया, कई सालों से दिल के एक कोने में दबे हुए दर्द को बाहर निकाला। 

वीरभद्र से मेरी लड़ाई
उन्होंने बताया कि जिस तरह से वीरभद्र सिंह ने उनका अपमान किया है उससे वे आहत हैं और इस उम्र के पड़ाव में वे डेमोलेशन मैन की भूमिका को लेकर मैदान में कूदे हैं। उन्होंने पंजाब केसरी को बताया कि उनकी लड़ाई कांग्रेस पार्टी से नहीं वीरभद्र सिंह से है क्योंकि उन्होंने मेरे बेटे को किनारे लगा दिया था। उन्होंने आगे कहा, जहां वीरभद्र सिंह उन पर सियासी गद्दारी के आरोप लगा रहे हैं यही बात उन पर सही बैठती है।  क्योंकि मैंने उनकी हमेशा से ही मदद की है और उनकी पत्नी को मंडी से सांसद भी बनवाया था। अनिल शर्मा को भगवा रथ पर चुनावी लड़ाई कितनी रास आएगी ये तो नतीजे आने के बाद ही पता चल पाएगा।

अनिल शर्मा के सामने चंपा ठाकुर
अनिल शर्मा की बात करें तो उनके भगवा रथ को रोकने के लिए कांग्रेस के दिग्गज नेता कौल सिंह की बेटी चंपा ठाकुर उनके भगवा रथ को हराने के लिए मैदान में हैं। चंबा ठाकुर कौल सिंह की सुपुत्री होने के साथ साथ जिला मंडी से जिला परिषद की अध्यक्ष भी हैं। उनका लोगों की बीच जनाधार काफी ज्यादा होने के कारण ही कांग्रेस पार्टी ने टिकट दिया है। 

पिता के अपमान की लड़ाई लड़ रहे शर्मा
कांग्रेस पार्टी ने मंडी जिला की सभी सीटों में दमदार उम्मीदवार मैदान में उत्तारे हैं ताकि इस जिला से अधिक सीटे मिलने पर सरकार बनाने का रास्ता आसानी से तय किया जा सके। हालांकि अनिल शर्मा भी अपने पिता के अपमान का बदला लेने की बात कई बार मीडिया के सामने दोहरा चुके हैं। पार्टी को छोडऩे की भी उन्होंने यही वजह बताई है।