चुनावों में 3 ठाकुरों की जंग, द्रंग की सियासत में दिखाएगी रंग

Wednesday, Oct 04, 2017 - 11:40 PM (IST)

मंडी: विस चुनाव के ऐन मौके पर कौल सिंह के खास सिपहसालार रहे पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष पूर्ण ठाकु र के खिलाफ अब द्रंग कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। पूर्ण ठाकुर के बगावती तेवरों को देखते हुए द्रंग कांग्रेस ने उन्हें कांग्रेस पार्टी से ही निष्कासित करने का प्रस्ताव पारित कर हाईकमान को भेज दिया है। इससे द्रंग हलके की राजनीतिक में हलचल मच गई है क्योंकि पूर्ण चंद ठाकुर वर्तमान में जिला परिषद के उपाध्यक्ष भी हैं और 2 बार पार्टी के जिलाध्यक्ष रहे हैं। बता दें कि स्थानीय विधायक एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कौल सिंह ठाकुर की बेटी चम्पा ठाकुर इस समय जिला परिषद की अध्यक्ष हैं, जिनकी ताजपोशी में पूर्ण ठाकुर का अहम हाथ रहा है। उनके खिलाफ  पूर्ण ठाकुर ने पिछले विधानसभा चुनाव के बाद से ही बगावती तेवर अपना लिए हैं। पूर्ण मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेहद करीबी माने जाते हैं। 

पूर्ण चंद की पीठ पर मुख्यमंत्री का हाथ 
कौल सिंह के समक्ष चुनौती के रूप खड़े होने वाले पूर्ण चंद की पीठ पर मुख्यमंत्री का हाथ है। अगर पूर्ण के खिलाफ  कोई कार्रवाई होती भी है तो वे द्रंग विधानसभा क्षेत्र से आजाद उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। पूर्ण चंद जो पहले टांडू वार्ड से चुनाव जीतते रहे हैं, अबकी बार वे अपना चुनाव क्षेत्र बदल कर बड़ीधार जिला परिषद वार्ड से चुने गए हैं। पूर्ण चंद का आरोप है कि उन्हें जिप चुनाव में हराने में कौल सिंह के समर्थकों ने कोई कसर नहीं छोड़ी इसके बावजूद वे जीत कर आए, ऐसे में अगर पूर्ण ठाकुर द्रंग से चुनाव लड़ते हैं तो कौल सिंह के लिए परेशानी का सबब बन सकते हैं क्योंकि भाजपा जवाहर ठाकु र कांग्रेस प्रत्याशी कौल सिंह को हर बार कड़ी टक्कर देते रहे हैं। पूर्ण चंद कौल सिंह के वोट बैंक में सेंध लगाने में अगर कामयाब हुए तो द्रंग का सियासी गणित गड़बड़ा सकता है। 

मुझे पार्टी से निकाला तो मैं आजाद लड़ूंगा चुनाव
पूर्ण चंद अपने दम पर इन दिनों द्रंग विधानसभा क्षेत्र में अकेले ही जनसंपर्क पर निकल चुके हैं, ऐसे में द्रंग कांग्रेस ने उनके खिलाफ  प्रस्ताव पारित कर उन्हें निष्कासित करने की आलाकमान से मांग की है। द्रंग में इस बार ठाकुरों की तिकोनी जंग देखने को मिल सकती है। इस बारे में प्रदेश कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष पूर्ण चंद का कहना है कि अगर मुझे पार्टी से निकाला तो मैं आजाद उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरूंगा