लेन-देन को लेकर 2 गुटों में खूनी झड़प, 4 गंभीर हालत में पहुंचे अस्पताल

Wednesday, Apr 10, 2019 - 08:05 PM (IST)

पांवटा साहिब: शहर में आपसी लेन-देन के मामले में 2 गुटों में खूनी झड़प हो गई। इसमें 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां पर उनका उपचार चल रहा है। दोनों पक्षों की तरफ  से पुलिस में क्रॉस एफ.आई.आर. दर्ज करवाई गई है। जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब के प्रॉपर्टी डीलर संदर्भ गोयल व ललित मदान के बीच एक प्रॉपर्टी को लेकर साढ़े 7 लाख रुपए का लेन-देन हुआ था। इसको लेकर काफी समय से दोनों के बीच बातचीत चल रही थी।

बहसबाजी के बाद जमकर बरसे डंडे

बुधवार को ललित मदान अपने दोस्तों के साथ बातचीत करने के संदर्भ में गोयल के पास गया लेकिन वहां पर दोनों गुटों में बहसबाजी हो गई। इसके बाद दोनों गुटों में डंडों से मारपीट हो गई। झड़प में संदर्भ गोयल, गौरव गोयल तथा महेंद्र पाल सहित 4 लोग घायल हुए हैं। डी.एस.पी. पांवटा साहिब सोम दत्त ने बताया कि 2 गुटों में मारपीट होने का मामला आया है। दोनों पक्षों की तरफ  से शिकायत मिली है तथा जांच की जा रही है।

Vijay