वर्कर्ज कालोनी में भीषण अग्निकांड, 70 कामगारों के आशियाने जलकर राख

Friday, Mar 23, 2018 - 09:41 PM (IST)

भावानगर: जिला किन्नौर के वांगतू के समीप एल.एंड टी. की वर्कर्ज कालोनी आग की भेंट चढ़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को करीब साढ़े 11 बजे वांगतू के समीप रारंग-पानुंग में वांगतू सब स्टेशन के निर्माण में लगी एल.एंड टी. कंपनी के कामगार कालोनी में अचानक आग लग गई। गनीमत यह थी कि उस समय कालोनी में कोई भी मौजूद नहीं था जिससे काई भी हताहत नहीं हुआ। आगजनी में करीब 14 शैड प्रभावित हुए हैं व करीब 60 से 70 कामगार बेघर हुए हैं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलते ही हिमाचल बास्पा परियोजना से 2 फायर टैंडर, एक एंबुलैंस व एक क्यू.आर.टी. की गाड़ी परियोजना सुरक्षा अधिकारी नितिन गुप्ता की अगुवाई में घटनास्थल पर पहुंची  व बचाव कार्य में लग गई, साथ ही पुलिस थाना भावानगर व अग्निशमन विभाग रिकांगपिओ से भी एक दल मौके पर पहुंच गया। 

प्रभावितों को एस.जे.वी.एन.एल. की कालोनी में दिया आश्रय
प्रभावितों के अस्थायी पुनर्वास के लिए एच.पी.एस.ई.बी., जे.एस.डब्ल्यू. एनर्जी व एस.जे.वी.एन.एल. की कालोनी में इंतजाम किया गया है। एस.डी.एम. भावानगर घनश्याम दास शर्मा ने बताया कि आगजनी से हुए नुक्सान का आंकलन किया जा रहा है तथा फिलहाल प्रभावितों के रहने का इंतजाम कर दिया गया है व जरूरत पडऩे पर और सहायता भी की जाएगी। पुलिस थाना भावानगर के प्रभारी इंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस आगजनी की घटना की जांच कर रही है व कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है।

Punjab Kesari