ऊना में धूमधाम से मनाया Xmas का त्यौहार, प्रभु यशुमसीह के जीवन से जुड़ी लगाई प्रदर्शनी

Wednesday, Dec 25, 2019 - 11:04 AM (IST)

ऊना (अमित) : दुनियाभर में आज क्रिसमस का त्यौहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। मंगलवार की रात घड़ी की सूई ने जैसे ही 12 बजाए, गिरजाघरों में विशेष पूजा प्रार्थना शुरू हो गई। इसी मौके पर ऊना के संजोआन आश्रम चर्च को क्रिसमस के मौके पर रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया है। इस मौके पर बड़ी तादात में लोगों ने प्रभु यीशु को याद किया।

संजोआन आश्रम द्वारा गिरजाघर परिसर में प्रभु यीशु के जन्म को दर्शाती हुई झांकियां भी लगाई गई हैं। जिनमें मरियम, प्रभु यीशु, गडरिये और स्वर्ग से आए दूत दिखाए गए हैं। वहीं चर्च में रातभर पूजा प्रार्थना के साथ ही प्रभु यीशु की जीवन गाथाओं का वर्णन भी किया गया। इस दौरान विभिन्न धर्मों के लोगों ने चर्च में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई और एक दुसरे को क्रिसमस की बधाई दी।

संजोआन आश्रम के फादर जॉर्ज और फादर थॉमस ने इस अवसर पर सभी को रोशनी के इस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर को ईसा मसीह का जन्म विश्व में प्यार का संदेश देने के लिए  हुआ था। इस दिन को क्रिसमस डे कहा जाता है और पूरे दिसंबर माह को क्राइस्ट-मास के नाम से जाना जाता है। क्राइस्ट-मास के खत्म होने के बाद ही ईसाई नववर्ष की शुरुआत होती है।

Edited By

Simpy Khanna