गले में डाला दुपट्टा बन गया फंदा, महिला कामगार की दर्दनाक मौत

Thursday, May 03, 2018 - 02:09 AM (IST)

गगरेट: औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में स्थित एक उद्योग में बुधवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में एक महिला कामगार की मौत हो गई। जिस समय महिला कामगार एक मशीन पर काम कर रही थी तो उसका दुपट्टा मशीन में फंस गया। दुपट्टे से गला दब जाने से उसकी सांस रुक गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही गगरेट पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।


महिला रोजाना की तरह कर रही थी मशीन पर काम
औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में स्थित एक उद्योग में बीना देवी पत्नी राम पाल निवासी सलोह बैरी पिछले काफी समय से कार्यरत थी। रोजाना की तरह बुधवार को भी बीना देवी उद्योग में मशीन पर काम कर रही थी कि अचानक उसका दुपट्टा मशीन में फंस गया और एक ही पल में उसके गले का फंदा बन गया, जिससे उसके प्राण पखेरू उड़ गए। हालांकि उद्योग प्रबंधन द्वारा अचेत अवस्था में उसे सिविल अस्पताल गगरेट लाया गया, जहां पर डाक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। 


पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की जानकारी मिलते ही डी.एस.पी. मनोज जम्वाल व एस.एच.ओ. अमरीक सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। डी.एस.पी. मनोज जम्वाल ने बताया कि इस बाबत मामला दर्ज कर लिया गया है और शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। 

Vijay