महासंघ की सरदारी के लिए गुटों में बंटे कर्मचारी

Tuesday, Sep 04, 2018 - 12:43 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की सरदारी को लेकर कर्मचारियों के बीच गुटबाजी खुलकर सामने आई है। इसके तहत हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग के गैर-शिक्षक महासंघ के अध्यक्ष अश्विनी ठाकुर वाले धड़े ने 6 सितम्बर को प्रदेश कार्यकारिणी के चुनाव करवाने का ऐलान किया है। इसके अलावा विनोद कुमार के नेतृत्व वाले गुट ने 9 सितम्बर को प्रदेश के चुनाव तय करने के लिए बैठक बुलाई है, साथ ही स्पष्ट किया है कि इस दिन प्रदेश के चुनाव की तिथि और स्थान को तय किया जाएगा। ये चुनाव सितम्बर में शिमला, बिलासपुर या फिर हमीरपुर में से किसी एक स्थान पर करवाए जाएंगे। 

दोनों गुटों की इस चुनाव प्रक्रिया से ठीक पहले मुख्यमंत्री कार्यालय का नाम भी आया है, जिसमें एक धड़े ने सरकार के समर्थन का दावा किया है। इस चुनाव प्रक्रिया पर पूर्व में हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष रहे ठाकुर का धड़ा पूरी नजर बनाए हुए है। इस गुट के महामंत्री एन.आर. ठाकुर ने दावा कि सुरेंद्र ठाकुर अभी भी महासंघ के अध्यक्ष हैं और उनकी तरफ से जारी की जाने वाली अधिसूचना के आधार पर ही चुनाव करवाए जाएंगे। इसके लिए 12 सितम्बर से पहले कोर कमेटी की बैठक होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया सितम्बर माह में ही पूरी होगी तथा सुरेंद्र ठाकुर के निर्देशानुसार ही आगामी निर्णय लिया जाएगा। 

सुरेंद्र ठाकुर की अधिसूचना पर होंगे चुनाव: ठाकुर
पूर्व प्रेम कुमार धूमल सरकार के समय हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर गुट के महासचिव एन.आर. ठाकुर ने कहा कि उनकी अधिसूचना के अनुसार ही महासंघ के चुनाव होंगे। इसके लिए 12 सितम्बर को कोर कमेटी की बैठक होगी तथा सितम्बर माह के अंतिम सप्ताह में महासंघ के चुनाव करवाए जाएंगे। 

अश्विनी ठाकुर ने कर्मचारियों से चुनाव में भाग लेने का किया आग्रह
हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग के गैर-शिक्षक महासंघ के अध्यक्ष अश्विनी ठाकु र ने बताया कि महासंघ के चुनाव 6 सितम्बर को होंगे। इसके लिए सभी विभागों, बोर्डों व निगमों के कर्मचारियों से इस प्रक्रिया में भाग लेने को कहा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अध्यक्ष पद के लिए उन्हें कर्मचारियों की तरफ से समर्थन मिलेगा। 

Ekta