अपने ही घर में महफूज नहीं बेटियां, सौतेले व सगे बाप ने ही कर डाले ये घिनौने काम (Video)

Wednesday, Nov 20, 2019 - 06:17 PM (IST)

हमीरपुर (अरविंदर): हमीरपुर जिला में पिछले 2 दिनों में बाप-बेटी के रिश्ते को शर्मसार करने की घटनाएं सामने आई हैं। दोनों ही मामलों में पिता ने अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ और दुराचार की वारदात को अंजाम दिया है। पहले मामले में भोरंज के सौतेले बाप ने अपनी अक्षम बेटी के साथ दुराचार किया है तो अब ताजा मामले में बड़सर में बाप ने अपनी 17 साल की बेटी के साथ दुराचार किया है। एसपी हमीरपुर अर्जित सेन ने बताया कि भोरंज के दुराचार के मामले में आरोपी बाप को 17 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है जबकि बड़सर में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

7-8 वर्ष पहले किया था दुष्कर्म, लगातार करता आ रहा था छेड़छाड़

जानकारी के अनुसार बड़सर के गांव घरयानी की एक नाबालिग ने अपने ही पिता पर रेप व छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। 17 वर्षीय लड़की ने अपनी मां के साथ पुलिस स्टेशन बड़सर पहुंचकर अपने साथ घटित घटना की जानकारी दी व अपने पिता पर गम्भीर आरोप लगाए हैं। आरोपों के मुताबिक पिछले लगभग 7-8 वर्ष पहले उसके साथ उसके पिता द्वारा दुष्कर्म किया गया। इसके बाद भी आरोपी अपनी बेटी के साथ लगातार छेड़छाड़ करता आ रहा था। पुलिस द्वारा पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करके आरोपी की गिरफ्तारी की जा चुकी है तथा पीड़िता का मैडीकल भी करवा लिया गया है। कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

बेटियों की सुरक्षा के लिए चलाए अभियानों की खुली पोल

वहीं इस मामले के सामने आने से सरकार द्वारा बेटियों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियानों की पोल खुल गई है। आखिर क्या कारण हैं कि एक बच्ची अपने साथ हो रहे अत्याचार के खिलाफ 8 वर्षों बाद ही आवाज उठा सकी। बच्चों को अपने अधिकारों व सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए कई सरकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं लेकिन फिर भी बच्चे अपनी आवाज नहीं उठा पा रहे जोकि चिंता का विषय है।

Vijay