अस्पताल में गूंजी बेटे की किलकारी और बाप को लग गई हथकड़ी! दस्तावेजों में छिपे एक राज ने पहुंचा दिया जेल

punjabkesari.in Sunday, Mar 15, 2026 - 11:42 AM (IST)

चम्बा (काकू चौहान): हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पिता के लिए बेटे के जन्म की खुशियां पल भर में ही जेल की सलाखों में तब्दील हो गईं। पत्नी के नाबालिग रहते हुए शारीरिक संबंध बनाने और उसे गर्भवती करने के आरोप में पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 और पोक्सो अधिनियम की धारा 6 के तहत महिला थाना चम्बा में मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर चम्बा के नागरिक अस्पताल लाया गया था। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उसने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद जब अस्पताल प्रशासन ने नियम के तहत महिला के दस्तावेजों की जांच की तो एक चौंकाने वाली बात सामने आई। दस्तावेजों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि गर्भधारण के समय महिला नाबालिग थी। हालांकि, वर्तमान में वह 18 वर्ष और एक माह की हो चुकी है, लेकिन कानूनन नाबालिग अवस्था में गर्भधारण गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल के चिकित्सक ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और लिखित शिकायत दर्ज करवाई। इस शिकायत के आधार पर महिला थाना चम्बा की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल से ही आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से मामले की गहन जांच के लिए उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News