तेज रफ्तार ने बुझाया घर का इकलौता चिराग, बाइक सवार को ऐसे मिली दर्दनाक मौत

Wednesday, Jul 19, 2017 - 09:29 PM (IST)

परवाणु: बुधवार को कालका-शिमला नैशनल हाईवे पर सुबह करीब 9 बजे धर्मपुर के समीप एक बाइक  ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार ट्रक धर्मपुर से चंडीगढ़ की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक धर्मपुर से थोड़ा आगे पैट्रोल पम्प के समीप पहुंचा तो धर्मपुर से चंडीगढ़ की ओर जा रहा बाइक चालक तेज गति में ओवरटेक करने लगा। इस दौरान बाइक चालक नियंत्रण खो बैठा और बाइक स्किड होकर ट्रक के पिछले टायर की ओर चली गई। 

पी.जी.आई. पहुंचने से पहले तोड़ा दम
इस हादसे में बाइक चालक नीतीश पुरी (21) व मधुर (21) निवासी सुबाथू को गंभीर चोटें आईं। उन्हें गंभीर हालत में पी.जी.आई. ले जाया गया लेकिन नीतीश पुरी ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि नीतीश पुरी अपने घर का इकलौता चिराग था और ग्रीन हिल्स से पढ़ाई कर रहा था। वह और मधुर दोनों ही अच्छे मित्र थे और जहां भी जाते थे एक साथ जाते थे। डी.एस.पी. परवाणु भीष्म सिंह ठाकुर ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।