किसानों ने धान से भरे ट्रैक्टरों के साथ घेरा एसडीएम ऑफिस, सीएम व मंत्री के खिलाफ नारेबाजी

Thursday, Oct 21, 2021 - 06:48 PM (IST)

पांवटा साहिब (संजय): सिरमौर जिला के उपमंडल पांवटा साहिब में वीरवार को किसानों ने अपनी मांगों को लेकर धान से भरे ट्रैक्टर लेकर एसडीएम कार्यालय का घेराव किया। जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब में किसानों के लिए धान खरीद केंद्र खोला गया है। किसानों का मानना है की केंद्र में बहुत धीमी गति से धान की खरीद का काम चला हुआ है। किसान इस दौरान धान की खरीद में तेजी लाने व धान खरीद केंद्र की संख्या में इजाफा करने की मांग कर रहे हैं।

समस्याओं का समाधान होने तक जारी रहेगा धरना-प्रदर्शन

भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष अनिंद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में जिन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं वहां 2 या 2 से अधिक धान खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं जबकि पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में जहां धान की पैदावार इन स्थानों के मुकाबले दोगुने से अधिक है, वहां केवल मात्र एक धान खरीद केंद्र स्थापित किया गया है। इससे किसानों को सुविधा प्रदान करने की सरकार की नीयत स्पष्ट हो गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने कहा कि जब तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।

समस्या का समाधान करेंगे : एसडीएम

प्रदर्शन के दौरान एसडीएम विवेक महाजन ने किसानों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि पहली बार प्रदेश में धान खरीद शुरू की गई है। ऐसे में कई समस्याएं सामने आना लाजमी है। प्रशासन इस बारे में सजग है और समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं पर मानवीय नियंत्रण नहीं है। बरसात के कारण धान की खरीद थोड़ी धीमी रही है। अब इसमें तेजी लाने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने किसानों से सहयोग की अपील की।

30 नवम्बर तक खरीद लिया जाएगा सभी का धान

सिरमौर मंडी समिति के अध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने बताया की सभी किसानों का धान 30 नवम्बर तक खरीद लिया जाएगा। किसी भी किसान को घबराने की जरूरत नहीं है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay