नालागढ़ में केंद्र सरकार के खिलाफ गरजे किसान, न्यूनतम समर्थन मूल्य की उठाई मांग

Friday, Feb 23, 2024 - 05:17 PM (IST)

नालागढ़ (सतविन्द्र): भारतीय किसान यूनियन प्रदेश इकाई ने शुक्रवार को नालागढ़ में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से न्यूनतम समर्थन मूल्य की मांग की। यूनियन के प्रदेश महासचिव स‌र्वजीत सिंह, जिलाध्यक्ष सुरमुख सिंह, गुरचरण सिंह चन्नी, परमजीत सिंह, गुरदयाल सिंह, महेंद्र सिंह, दर्शन सिंह, यशवंत सिंह व जगतार सिंह के नेतृत्व में किसान नालागढ़ के रैस्ट हाऊस में एकत्रित हुए तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों को कहना है कि किसान शांतिपूवर्क ढंग से आंदोलन कर रहे हैं लेकिन सरकार उन पर अत्याचार कर रही है।

प्रदेश महासचिव ने कहा कि शंभू बाॅर्डर पर किसानों के साथ अत्याचार हो रहे हैं। यह साबित हो गया है कि किसान की सिर में गोली लगने से मौत हुई है। अभी तक सुना था कि जरनल डायर ने गोली मार कर किसानों की हत्या की थी लेकिन अब काले अंग्रेज इसी तर्ज पर किसानों पर अत्याचार कर रहे हैं। लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने की स्वतंत्रता है लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार अपनी तानाशाही से किसानों की मांगों को कुचलना चाहती है। किसानों से सरकार ने जो पहले साल वायदे किए थे, वे अभी तक पूरे नहीं हुए हैं। किसान इसी के संदर्भ में दिल्ली जाना चाहते हैं लेकिन केंद्र सरकार की शह पर हरियाणा के शंभू बाॅर्डर पर किसानों को रोका गया है।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि सरकार किसानों के ऊपर अत्याचार बंद करे अन्यथा किसान आंदोलन को और तेज करेंगे। इससे पूर्व सभी किसानों ने आंदोलन में मारे गए किसान के लिए 2 मिनट का मौन रख कर आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay