चिकित्सकों का कारनामा, चीर-फाड़ के बाद भी नहीं किए परिवार नियोजन के ऑप्रेशन

Friday, Jul 05, 2019 - 06:51 PM (IST)

ऊना (अमित): हमेशा विवादों में रहने वाला क्षेत्रीय अस्पताल ऊना एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। अस्पताल में परिवार नियोजन कैंप में ऑप्रेशन करवाने पहुंचीं 2 महिलाओं को विभागीय अव्यवस्थाओं का शिकार होना पड़ा। क्षेत्रीय अस्पताल में तैनात स्त्री रोग विशेषज्ञ छुट्टी पर होने के चलते परिवार नियोजन के ऑप्रेशन करने के लिए अम्ब से टीम बुलाई गई। टीम ने 2 रोगियों को कट लगाने के बाद ऑप्रेशन करने से इंकार कर दिया।

बिना बेहोश किए शुरू किया गया था ऑप्रेशन

महिलाओं का आरोप है कि उन्हें बिना बेहोश किए ऑप्रेशन शुरू कर दिया गया था जबकि इसके बाद टीम ने मशीन खराब होने का हवाला देते हुए ऑप्रेशन बीच में छोड़ दिए और उन्हें अगले सप्ताह फिर से ऑप्रेशन करवाने आने को बोल दिया। इस पर गुस्साए परिजनों ने सी.एम.ओ. ऊना से मुलाकात कर विभाग के प्रति रोष जताया। सी.एम.ओ. कार्यालय में काफी देर चली बैठक के बाद मामले को शांत किया गया। वहीँ पीड़ित महिलाओं ने बताया कि चिकित्सकों द्वारा कट लगाने के बाद ऑप्रेशन से इंकार कर दिया जिस कारण उन्हें भारी परेशानी से जूझना पड़ रहा है।

क्या बोले सी.एम.ओ. ऊना

सी.एम.ओ. ऊना डॉक्टर रमन का कहना है कि अम्ब से पहुंची टीम क्षेत्रीय अस्पताल में दो मरीजों का ऑप्रेशन कर रही थी। ऑप्रेशन के दौरान टैक्नीकल प्राबॅलम पेश आई, जिसके चलते मरीजों का ऑप्रेशन नहीं किया गया। अस्पताल में सेवाएं दे रहे स्त्री रोग विशेषज्ञ एक सप्ताह की छुट्टी पर हैं। छुट्टी से लौटते ही अगले सप्ताह दोनों महिलाओं का ऑप्रेशन करवा दिया जाएगा। मरीजों के परिजनों में रोष था, जिसे पूरी जानकारी देने के बाद शांत किया गया।

Vijay