DC मंडी के नए आदेश, BPL सूची में शामिल करने होंगे इन 4 श्रेणियों के परिवार

Saturday, Aug 18, 2018 - 05:30 PM (IST)

मंडी: मंडी के डी.सी. ने पंचायतों को नए आदेश जारी किए हैं। 4 श्रेणियों के परिवारों को बी.पी.एल. सूची में शामिल करना अनिवार्य है, जिनमें विधवा, तलाकशुदा (परित्यक्त) महिलाएं जो पृथक परिवार के रूप में रह रही हों, उपचाराधीन कैंसर पीड़ित का परिवार, उपचाराधीन गुर्दे संबंधी बीमारी के मरीजों के परिवार एवं ऐसे परिवार जिनका कोई सदस्य 70 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता से पीड़ित हो, इस सूची में शामिल हैं। डी.सी. मंडी ऋग्वेद ठाकुर का कहना है कि प्रदेश सरकार के दिशा-निर्देशानुसार जिला मंडी की सभी पंचायतों में बी.पी.एल. सूची के शुद्धिकरण का कार्य जारी है। इसके अंतर्गत अपात्र परिवारों को बी.पी.एल. सूची से हटाया जा रहा है और पात्र परिवारों को सूची में सम्मिलित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

चौपहिया वाहन वाला परिवार होगा बी.पी.एल. से बाहर
उन्होंने कहा कि मंडी जिला प्रशासन द्वारा अपने स्तर पर एक नया कदम उठाते हुए खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से सभी पंचायतों को आदेश जारी किए गए हैं कि उपरोक्त 4 विशिष्ट श्रेणियों के परिवारों को बी.पी.एल. सूची में अनिवार्य रूप से सम्मिलित किया जाए। उन्होंने कहा कि चयन के दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इन 4 श्रेणियों में आने वाला परिवार सरकार द्वारा निर्धारित बी.पी.एल. के लिए अयोग्यता के प्रवर्ग में न आता हो। अगर इन 4 श्रेणियों में आने वाला परिवार चौपहिया वाहन रखता है तो वह बी.पी.एल. के लिए अपात्र ही माना जाएगा। डी.सी. का कहना है कि इन 4 श्रेणियों के परिवार विषम आर्थिक परिस्थितियों से गुजरते हैं परंतु ग्राम सभा में उनका समुचित प्रभाव एवं आवाज न होने अथवा ऐसे ही अन्य कारणों से उन्हें बी.पी.एल. सूची में सम्मिलित नहीं किया जाता है। परिणामस्वरूप आर्थिक रूप से सबसे कमजोर परिवार बी.पी.एल. के लाभ से वंचित रह जाते हैं।

शामिल न करने पर स्पष्ट करने होंगे कारण
डी.सी. मंडी ने कहा कि प्रत्येक पंचायत के स्तर पर यह परीक्षण किया जाएगा कि इन 4 श्रेणियों के कितने परिवार पंचायत में हैं तथा उनमें से कितने ऐसे परिवारों को बी.पी.एल. सूची में शामिल किया गया है। इन 4 श्रेणियों के ऐसे सभी पात्र परिवार जिनको इस सूची में शामिल नहीं किया गया है, उनके मामले पंचायत द्वारा आने वाली ग्राम सभा में बी.पी.एल. सूची में सम्मिलित करने के लिए रखे जाएंगे। यदि किसी ग्राम सभा द्वारा इन श्रेणियों में आने वाले परिवारों को फिर भी बी.पी.एल. सूची में नहीं रखा जाता है तो ऐसे मामलों में लिए गए निर्णय के पीछे के कारण ग्राम सभा को स्पष्ट करने होंगे तथा ऐसे सभी निर्णयों कि समीक्षा की जाएगी।

Vijay