नशीला जूस पिलाकर 40 लाख लूटने वाली महिला उत्तराखंड से गिरफ्तार

Friday, Jun 21, 2019 - 11:19 PM (IST)

डमटाल (सिमरन): फर्जी प्रॉपर्टी डीलर बनकर धर्मशाला में प्लाट बेचने के नाम पर करीब 40 लाख की लूट करने वाली महिला को पठानकोट पुलिस ने उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने पठानकोट के मोहल्ला रामनगर के रहने वाले रामेश्वर सिंह को धर्मशाला में करीब 4 कनाल 10 मरले का प्लाट बेचने के लिए बुलाया। दोनों के बीच करीब 98 लाख रुपए में प्लाट का सौदा तय हुआ। इस दौरान फर्जी प्रॉपर्टी डीलर बनी महिला शिकायतकर्ता को नशीला जूस पिलाकर बेहोश करने के बाद करीब 40 लाख रुपए लूटकर फरार हो गई। लूट का शिकार बने रामेश्वर सिंह ने पठानकोट पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने सुराग मिलने के बाद आरोपी महिला को नेपाल बार्डर से गिरफ्तार कर 20.40 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं।

उत्तराखंड के नैनीताल जिला की रहने वाली है महिला

पकड़ी गई आरोपी महिला संगीता उत्तराखंड के नैनीताल जिला की तहसील हल्द्वानी के गांव पिपल पोखर की रहने वाली है। शुक्रवार को एस.पी. (डी) प्रभजोत सिंह ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिलने पर थाना प्रभारी अवतार सिंह के नेतृत्व में ए.एस.आई. पवन कुमार समेत पुलिस टीम बनाई गई। एस.पी.(डी) प्रभजोत सिंह विर्क ने बताया कि शिकायतकत्र्ता रामेश्वर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह दोस्तों के साथ करीब 2 महीने पहले धर्मशाला के एक निजी होटल में बैठा था। वहां उनके साथ वाले टेबल पर एक महिला बैठी थी। उस महिला ने अपना नाम संगीता गोस्वामी और खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताया।

पठानकोट में जूस में मिलाकर पिला दिया नशीला पदार्थ

महिला ने एक सप्ताह बाद उसे धर्मशाला बुलाकर 4 कनाल 10 मरले का एक प्लाट दिखाया, जिसकी कीमत 98 लाख रुपए तय हुई। उसने बतौर बयाना महिला को 30 लाख रुपए दे दिए। उसके बाद आरोपी महिला ने बकाया रकम से 40 लाख रुपए जमीन के मालिक को देने की बात कही। वह 40 लाख रुपए का इंतजाम कर धर्मशाला पहुंचा व आरोपी महिला को साथ लेकर वापस पठानकोट आ गया। पठानकोट पहुंचने पर आरोपी महिला ने उसे जूस पिलाने के बहाने उसमें नशीला पदार्थ मिला दिया जिससे वह बेहोश हो गया।

40 लाख व जमीन के दस्तावेज लेकर फरार हो गई थी महिला

होश आने पर देखा कि महिला बैग में रखे करीब 40 लाख रुपए व जमीन के दस्तावेज लेकर फरार हो गई थी। शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर थाना डिवीजन नंबर 2 पठानकोट में आरोपी महिला व उसके 2 साथियों के खिलाफ  धारा 406, 420, 328 के तहत मामला दर्ज किया गया था। एस.पी. प्रभजोत ने बताया कि इससे पहले आरोपियों ने ठगी के कितने मामलों को अंजाम दिया है, उस बारे गहनता से पूछताछ की जा रही है।

जालसाज महिला जुआ खेलने की शौकीन, कैसीनो में उड़ाए 10 लाख

पुलिस की जांच में सामने आया कि उक्त जालसाज महिला कैसीनो में जुआ खेलने की शौकीन है। आरोपी महिला लूट के करीब 10 लाख रुपए नेपाल बार्डर में एक कैसीनो में हार गई थी और लूटी गई कुछ धनराशि से महंगे सामान की खरीददारी भी की थी। पुलिस ने इस मामले में महिला समेत उसके दो अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि अभी तक की जांच में सामने आया कि महिला के साथ आए दोनों व्यक्तियों को इस प्रकरण के बारे में नहीं पता था। फिर भी पुलिस इस संबंध में युवकों से पूछताछ कर रही है।

Vijay