कुल्लू के अखाड़ा बाजार में फागू जाच की धूम, देवधुनों पर निकाली शोभायात्रा

Tuesday, Mar 30, 2021 - 07:00 PM (IST)

कुल्लू (संजीव जैन): हिमाचल प्रदेश देवी-देवताओं की भूमि है और प्रदेश के लोगों की देवी-देवताओं पर अटूट आस्था है। यहां देवी-देवताओं के सम्मान में मेले मनाए जाते हैं। इसी कड़ी में जिला कुल्लू के अखाड़ा बाजार में वर्षों से फागू जाच मनाई जाती है और यह तीन दिवसीय मेला देवता ध्रुव ऋषि के सम्मान में मनाया जाता है। मेले के दूसरे दिन अखाड़ा बाजार से रामशिला तक देवधुनों पर शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें देवता ध्रुव ऋषि, संगम महादेव व महाराजा कोठी के अधिष्ठाता देवता जमदग्नि ऋषि हारियानों सहित शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने देवी-देवताओं का आशीर्वाद लिया।

बता दें कि इस बार कोरोना के चलते प्रदेश सरकार द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर रोक लगाई गई है। इसी के चलते मेला कमेटी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया था। इस मेले में सिर्फ देव संस्कृति का निर्वहन  किया गया। मेला कमेटी के सदस्य मनु शर्मा ने बताया कि मेले के दूसरे दिन अखाड़ा बाजार से रामशिला हनुमान मंदिर तक शोभायात्रा निकाली और इसमे देवता ध्रुव ऋषि, संगम महादेव, देवता जमदग्नि ऋषि ने भाग लिया। उन्होंने देवी-देवताओं से प्रार्थना कि कोरोना महामारी का जल्द खात्मा हो ताकि अगले वर्ष मेले को धूमधाम से मनाया जा सके।

Content Writer

Vijay