सुविधाएं नहीं मगर बन गए Champion, मनवाया अपनी प्रतिभा का लोहा

Thursday, Feb 23, 2017 - 01:25 PM (IST)

मंडी (नीरज शर्मा): मंडी जिला की महिला हॉकी टीम ने राज्य हॉकी प्रतियोगिता का खिताब जीतकर इस बात को साबित कर दिया है कि सुविधाओं के अभाव में उनके हौंसले पस्त होने वाले नहीं हैं। राज्य हॉकी प्रतियोगिता जीतने के बाद अब इन महिला खिलाड़ियों की नजर राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर है। इन महिला खिलाड़ियों ने प्रदेश के बाकी जिलों की टीमों को परास्त करते हुए हॉकी के राज्य स्तरीय खिताब को अपने नाम कर लिया है। ऊना में प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम करने के बाद महिला खिलाड़ियों की यह टीम बुधवार देर शाम को मंडी पहुंची। मंडी पहुंचने पर जिला हॉकी संघ ने खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया। गौरतलब है कि बुधवार को ही मंडी जिला हॉकी संघ के नए अध्यक्ष राजा सिंह मल्होत्रा ने भी अपना कार्यभार संभाला और कार्यभार संभालते ही उन्हें दोगुणी खुशी मिल गई।


राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर है अब इन महिला खिलाड़ियों की नजर
इस खुशी में महिला खिलाड़ियों के लिए नवनियुक्त अध्यक्ष ने रात के खाने का आयोजन किया। मंडी जिला महिला हॉकी टीम की कप्तान आरती ने बताया कि उनकी टीम ने इस प्रतियोगिता को जीतने के लिए कड़ी मेहनत की थी। फाइनल मुकाबला कांगड़ा जिला की टीम के साथ था। लेकिन मंडी जिला की इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय खेल के फाइनल में ऐसा दमखम दिखाया कि विरोधी टीम को एक भी गोल नहीं दागने दिया। 6-0 से फाइनल के खिताब को अपने नाम कर लिया। आरती ने बताया कि अब उनकी टीम की नजर राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर है और इसके लिए वह पूरी जी जान से मेहनत करने वाली हैं।


आने वाले दिनों में प्रदेश की हॉकी के दिन जरूर बदलेंगे
मंडी जिला हॉकी संघ के नवनियुक्त अध्यक्ष राजा सिंह मल्होत्रा ने विजेता टीम को बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। साथ ही उन्होंने अपनी ताजपोशी के लिए हिप्र हॉकी संघ के महासचिव अनुराग ठाकुर का भी आभार जताया। राजा सिंह मल्होत्रा ने बताया कि वह प्रदेश में हॉकी को क्रिकेट की तर्ज पर फेमस करना चाहते हैं। उन्होंने विजेता टीम को भरोसा दिलाया कि जो सुविधाएं उन्हें अभी मिल रही हैं उससे भी अधिक सुविधाएं उन्हें अब दी जाएंगी। उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय खेल को बढ़ावा देने के कई दावे होते हैं लेकिन जमीनी स्तर पर उनकी सच्चाई नजर नहीं आती। यही कारण है कि इस खेल के साथ जुड़े खिलाड़ी इसमें अधिक रूचि नहीं दिखाते। एक तरफ महिला हॉकी टीम ने राज्य स्तरीय खिताब जीता है तो दूसरी तरफ नवनियुक्त अध्यक्ष ने और सुविधाएं देने की बात कही है। ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि आने वाले दिनों में प्रदेश की हॉकी के दिन जरूर बदलेंगे।