फेसबुक फ्रैंड ने शादी का झांसा देकर युवती को बनाया मां

Monday, Apr 30, 2018 - 01:03 AM (IST)

चम्बा: फेसबुक फ्रैंड बनकर लड़की को शादी का झांसा देकर मां बनाने का मामला पुलिस थाना चम्बा में दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार पुलिस को उक्त युवती ने बयान दिया कि जब वह पिछले वर्ष जिला के एक निजी शिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही थी तो इसी दौरान फेसबुक में चुवाड़ी का एक व्यक्ति उसका फ्रैंड बन गया। दोनों के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से काफी बातचीत होती रही। बीते वर्ष मिंजर मेला के दौरान उक्त व्यक्ति चम्बा आया और दोनों के बीच मुलाकात हुई। इसी दौरान उक्त व्यक्ति ने उसके मना करने के बावजूद शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। 


अस्पताल में दिया बेटे को जन्म
कुछ समय बाद जब उसे गर्भवती होने का पता चला तो उसने उक्त व्यक्ति से फोन पर बात करके उसके स्वास्थ्य की जांच करवाने की बात कही लेकिन वह इस बात पर टालमटोल करता रहा। प्रसव से कुछ दिन पूर्व भी उसने उसके साथ संपर्क करके उसका उपचार करवाने की बात कही लेकिन उक्त व्यक्ति ने ऐसा कुछ भी करने से मना कर दिया। इस पर उसने अपने परिजनों को इस बारे में जानकारी दी और तबीयत खराब होने पर उसे एक सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उसने एक बेटे को जन्म दिया है। 


पुलिस ने गिरफ्तार किया व्यक्ति
पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंच कर युवती का बयान दर्ज करते हुए आरोपी व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए एस.पी. चम्बा डा. मोनिका भुटुंगरू ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी को सोमवार अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा।

Vijay