आमने सामने हुए मंत्री और ग्राम सेवक, चेतावनी के बाद भी जारी हड़ताल

Saturday, May 27, 2017 - 03:50 PM (IST)

नूरपुर (भूषण शर्मा): पंचायती राज मंत्री की चेतावनी को दरकिनार कर ग्राम रोजगार सेवक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। सेवक संघ का कहना है कि वह विभाग की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं की जाती तब तक वह अपनी हड़ताल जारी रखेंगे। ग्राम सेवक पिछले लम्बे समय से अपनी तीन मुख्य मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। जिनमे समान काम समान वेतन, रिक्त पड़े पंचायत सचिवों के पदों पर सेवकों की नियुक्तियां करना और उनके लिए एक स्थायी नीति बनाने की मांग शामिल है। 


अनिल ने ग्रामीण रोजगार सेवकों को दी चेतावनी
उल्लेखनीय है कि अनिल ने ग्रामीण रोजगार सेवकों को चेतावनी देते हुए कहा था कि वह अगर हड़ताल पर जाएंगे तो उनकी सेवाएं समाप्त करके नई भर्तियां कर दी जाएंगी। पिछले साल भी सेवक अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर गए थे जिसके बाद मनरेगा के कार्यों पर काफी विपरित प्रभाव पड़ा था। 


हक पाने के लिए न्यायालय जाने की चेतावनी
ऐसे में विभाग ने हड़ताल पर बैठे इन रोजगार सेवकों को नोटिस जारी किया है। उन्होंने सेवकों को कहा कि अगर वह अपनी हड़ताल खत्म नहीं करते तो उन्हें निष्कासित समझा जाएगा। इसके बाद सेवक और ज्यादा भड़क गए हैं। उन्होंने सरकार और विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी है कि वे अपना हक पाने के लिए माननीय न्यायालय तक का दरवाजा खटखटाएंगे।