अतिरिक्त बसें चलाने के बावजूद यात्रियों में टिकट के लिए दिखी मारामारी, नहीं मिली बसें

Sunday, Nov 11, 2018 - 04:24 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): त्योहारों के बाद अपने-अपने कार्यस्थल पर जाने के लिए लोगों की इतनी भीड़ एकत्रित हुई कि न तो उन्हें बसों और न ही ट्रेनों में कोई जगह मिल पाई। ऊना डिपो से ही चंडीगढ़ के लिए अतिरिक्त 25 बसें तो बद्दी के लिए 10 अतिरिक्त बसें लगाए जाने के बाद भी सैकड़ों की तादाद में यात्रियों की भीड़ बस अड्डे पर जमा रही। पीछे से ही बसें फुल आ रही थी जिसकी वजह से लोगों को बसों के अंदर भी खड़े होने के लिए जगह नहीं बची थी। रविवार को ऊना बस अड्डे पर सुबह से ही यह स्थिति बनी रही और देर सायं तक लोग बसों का इंतजार करते रहे।


बुकिंग काऊंटर पर यात्रियों की लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई थी और टिकट के लिए यहां मारामारी की स्थिति देखने को मिली। पिछले दिनों से त्योहारों की वजह से लोग अपने घर आए थे और उसके बाद वापस जाने के लिए खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। रविवार को धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पंजाब सहित दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से मुबारिकपुर और गगरेट में जाम की स्थिति भी रही। पुलिस कर्मियों को जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस कारण यहां यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

बस अड्डा ऊना के इंचार्ज रविन्द्र सिंह का कहना है कि ऊना से चंडीगढ़ के लिए अतिरिक्त 25 बसें लगाई गई थी। वहीं बद्दी के लिए भी अतिरिक्त 10 बसें चलाई गई थी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुबह 7:15 पर ही अतिरिक्त बसें चंडीगढ़ और बद्दी के लिए भेजनी आरंभ कर दी थी। जैसे ही बसें चंडीगढ़ से वापस आ रही हैं तो यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उन्हें फिर से चंडीगढ़ के लिए रवाना किया जा रहा है।  
 

Ekta