हिमाचल में महंगे दाम पर बिक रहे सीमेंट पर बिफरी कांग्रेस, पठानिया ने दिया यह बयान(Video)

Monday, Jan 07, 2019 - 02:01 PM (IST)

हमीरपुर(अरविंदर) : हमीरपुर जिला कांग्रेस ने सीमेंट के बढ़ते दामों को कम न किए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। कांग्रेस में पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया, एआईसीसी के सदस्य सुनील शर्मा, जिला अध्यक्ष नरेश ठाकुर ने संयुक्त प्रेस वार्ता में सीमेंट के बढ़ते दामों को घटाने के लिए प्रदेश सरकार से आग्रह करते हुए पंजाब से कम दाम किए जाने की मांग की है। साथ ही लोकसभा चुनावों में बाहरी उम्मीदवारों को उतारने पर चर्चा की गई ताकि बार बार हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस हाइकमान एक्सपारीमेंट न करें।

हिमाचल में सीमेंट प्लांट होने के बावजूद भी प्रदेश में सीमेंट महंगा

पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया ने कहा कि हिमाचल में सीमेंट प्लांट होने के बावजूद भी प्रदेश में सीमेंट महंगा और पंजाब में सस्ता है। वहीं पर्यावरण भी सीमेंट प्लाटों से खराब हो रहा है फिर भी सीमेंट महंगा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार सरकारों ने सीमेंट दामों को कम करने के प्रयास किए है। लेकिन कंपनियां नहीं मानती है इसलिए जयराम सरकार को जल्द राहत प्रदान करें। प्रेस वार्ता के दौरान जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों का दर्द भी छलका है। हर बार संसदीय क्षेत्र से बाहरी व्यकित को टिकट देकर सीट खोने पर इस बार कांग्रेसियों ने इसका कड़ा विरोध किया है। क्योांकि इस बार भी कयास लगाए जा रहे है कि संसदीय क्षेत्र से किसी बाहरी व्यक्ति को टिकट दिया जाएगा। पठानिया ने कहा कि हाईकमान से इस बार मांग की गई है कि लोकसभा चुनावों में संसदीय क्षेत्र में बाहरी उम्मीदवारों को न उतारा जाए। क्योंकि कई बार संसदीय क्षेत्र में एक्सपारीमेंट करके कांग्रेस ने भूल की है। उन्होंने कहा कि अगर इस बार भी ऐसा होता है तो कांग्रेस को खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।

kirti