Exclusive: द ग्रेट खली क्या दोबारा WWE रिंग में उतरेंगे

Friday, May 11, 2018 - 05:49 PM (IST)

शिमला/जालंधर (संजीव): WWE के रिंग में धूम मचा चुके द ग्रेट खली अब वापसी नहीं करेंगे। पंजाब केसरी से एक्सक्लूसिव बातचीत करते हुए खली ने कहा कि उनका कुश्ती के रिंग में उतरने का अब कोई इरादा नहीं है। पिछले महीने ही खली ने रॉयल रैंबल में हिस्सा लिया था,लेकिन यह सिर्फ गेस्ट अपीयरेंस थी, वे अब WWE  में नहीं लड़ेंगे। अपने पत्ते खोलते हुए उन्होंने कहा कि WWE में बने रहने की एक सीमा होती है। आप एक साल, दो साल या ज्यादा से ज्यादा दस साल तो वहां खेल सकते हैं लेकिन हमेशा नहीं। अब उनका पूरा ध्यान अपने देश में ऐसा ढांचा खड़ा करने पर है, जिससे यहां का टेलेंट यहीं मंच हासिल कर सके और वे इसी दिशा में काम कर रहे हैं। द ग्रेट खली जालंधर में अपनी अकेडमी में अपनी कुश्ती लीग कॉन्टिनेंटल रेसलिंग एंटरटेनमेंट यानी CWE  चला रहे हैं। उनकी अकादमी में करीब 200  बच्चे पहलवानी के गुर सीख रहे हैं। खली का इरादा इन्हीं के सहारे अपनी CWE लीग को  WWE के बराबर खड़ा करना का है।

न फिल्में, न पॉलिटिक्स का इरादा
हॉलीवुड और बॉलीवुड की कई फिल्मों में काम के चुके  ग्रेट खली ने अब इस इंडस्ट्री से भी तौबा कर ली है। खली का कहना है कि उनके पास ऐसे कई ऑफर हैं, लेकिन उनका ध्यान खेल पर है। ऐसे में उन्होंने फिल्मों में काम नहीं करने का फैसला किया है। पंजाब केसरी से खास बातचीत में खली ने बताया कि वे देश के युवाओं को अपनी तरह रिंग में चमकता देखना चाहते हैं। इसके लिए वे अलग-अलग राज्यों में अपनी रेसलिंग एकेडमीज खोलने जा रहे हैं। पंजाब के बाद उनका अगला पड़ाव हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल और मध्य प्रदेश है। वे इन शहरों में अपनी रेसलिंग लीग CWE  के शो भी करेंगे। लुधियाना, देहरादून, हल्द्वानी में ऐसे शो हो चुके हैं और अगले चरण में कुछ अन्य जगहों पर ऐसे शो होंगे। खली ने  पॉलिटिक्स ज्वाइन करने की चर्चाओं पर भी विराम लगा दिया है। राजनीति को खली छोटी चीज़ मानते हैं। उनका कहना है कि नेता तो हर घर में है, लेकिन खली न सिर्फ देश बल्कि पूरी दुनिया में सिर्फ एक ही है। इसलिए राजनीति के रिंग में उतरने का उनका कोई इरादा नहीं है।

पंजाब को नशामुक्त करने का अभियान
पहलवान ग्रेट खली अब पंजाब से नशे को दूर करने के लिए विशेष मुहिम चलाएंगे। खली के मुताबिक पंजाब ने उन्हें बहुत कुछ दिया है, वे आज जो भी हैं पंजाब की बदौलत हैं। ऐसे में वे अब युवाओं को नशा छोड़ फिटनेस अपनाने के लिए अभियान चलाएंगे। वे शहर-शहर जाकर युवाओं से नशा छोड़ सेहतमंद जिंदगी अपनाने का आग्रह करेंगे और उन्हें अपनी फिटनेस मुहिम से जोड़ेंगे।

kirti