मैडीकल कालेज नाहन में टोकन मिलने के बाद भी नहीं हो रही गर्भवती महिलाओं की जांच

Thursday, Jul 19, 2018 - 01:52 PM (IST)

नाहन : मैडीकल कालेज नाहन में रोगियों की समस्याओं को देखते हुए प्रबंधन द्वारा टोकन सिस्टम को लागू किया गया है। जिला के विभिन्न क्षेत्रों से यहां आने वाले रोगियों का कहना है कि टोकन के लिए प्रात: साढ़े 6 बजे आ जाते हैं। जब उन्हें टोकन मिल जाता है तो शाम को 4 बजे तक भी नंबर नहीं पड़ता। इसके बाद मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा है। अस्पताल आए रोगियों अंजू शर्मा, रक्षा शर्मा, निशा, परीक्षा, रीना, नीलम, पूजा, पूनम, संदीप, लाजवंती, रमेश, ममता देवी, वीरेंद्र, आरती, श्यामा देवी, सुनेहा व ममता सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि वह सुबह यहां पहुंच गईं थीं। उन्हें 20 नंबर के बाद के टोकन मिले थे लेकिन शाम तक चिकित्सकों द्वारा 20 के लगभग ही रोगियों की जांच की गई। इसके बाद टोकन वापस ले लिए और उन्हें जांच के लिए 2 दिन बाद शनिवार को बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि वे जांच के लिए पिछले करीब 3 दिन से चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने मांग की कि यहां रोगियों की संख्या को देखते हुए चिकित्सकों की संख्या बढ़ाई जाए। खासकर महिला ओ.पी.डी. में चिकित्सकों की संख्या बढ़ाया जाना अति आवश्यक है। 

गायनी में 3 डाक्टर दे रहे सेवाएं 
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार गायनी विभाग में वर्तमान में केवल 3 चिकित्सक ही सेवाएं दे रहे हैं। इनमें से एक चिकित्सक रात को आपातकालीन ड्यूटी पर होता है। एक ओ.पी.डी. में और एक चिकित्सक ओ.टी. के लिए होता है, ऐसे में सभी रोगियों की जांच कर पाना चिकित्सकों के लिए बड़ी समस्या है। पहले यहां 5 चिकित्सक तैनात थे, जिससे हालत में कुछ सुधार आया था लेकिन कुछ माह पहले एक चिकित्सक द्वारा त्यागपत्र दे दिया गया है, जबकि एक चिकित्सक दुर्घटना के चलते मैडीकल पर है।

kirti