देवभूमि की नदियों में भी विसर्जित होंगी पूर्व प्रधानमंत्री अटल की अस्थियां

Sunday, Aug 19, 2018 - 07:46 PM (IST)

शिमला (राक्टा): देवभूमि हिमाचल की प्रमुख नदियों में भी पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां विसर्जित की जाएंगी। इसके साथ ही भाजपा ने 22 अगस्त को प्रदेश स्तरीय शोक सभा करने का भी निर्णय लिया है। रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय दीपकमल में हुई विशेष बैठक में कई अन्य फैसले भी लिए गए। सूचना के अनुसार शोक सभा का आयोजन ऐतिहासिक रिज मैदान या पीटरहॉफ पर किए जाने की तैयारियां चल रही हैं।

ये रहे बैठक में मौजूद
बैठक भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती की अध्यक्षता में हुई। बैठक में शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश दत्त, रूपा शर्मा, कोषाध्यक्ष कपिल सूद, पूर्व सांसद बिमला कश्यप, महापौर कुसुम सदरेट, उपमहापौर राकेश शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी रवि मेहता व मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. महेंद्र धर्माणी विशेष तौर पर उपस्थित रहे। शिक्षा मंत्री ने कार्यकर्ताओं से उक्त कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा की। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि यह शोक सभा सर्वदलीय होगी। इसमें सभी राजनीतिक, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के लोग भाग लेंगे।

सभी वर्गों के लोगों को किया जाएगा आमंत्रित
सतपाल सत्ती ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता सभी वर्गों के लोगों को विशाल शोक सभा में आमंत्रित करेंगे और निमंत्रण देंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व पी.एम. अटल देश के सर्वप्रिय नेता थे और उनका राजनीति से लंबा नाता रहा है। वह राजनीतिक पार्टी से हटकर लोगों से प्रेम करते थे और इसका स्वरूप उन्होंने जम्मू-कश्मीर का मुद्दा यू.एन.ओ. में संबोधित कर दिखाया था। उस समय अटल विपक्ष के नेता थे और उनको सत्ता पक्ष ने इतने बड़े मुद्दे के लिए चुना था।

Vijay