Ex CM वीरभद्र ने Social Media पर शेयर किया वीडियो, बोले-घबराने की जरूरत नहीं, मैं बिल्कुल ठीक हूं

Sunday, Sep 02, 2018 - 07:32 PM (IST)

शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि मैं बिल्कुल ठीक हूं, स्वास्थ्य में सुधार है। जल्द ही वापस शिमला आऊंगा। उन्होंने अपने स्वास्थ्य को लेकर यह संदेश सोशल मीडिया में शेयर कर एक वीडियो के माध्यम से दिया है। उन्होंने कहा कि मैं सिर्फ सीनियर डाक्टर से सैकेंड ओपिनियन के लिए पी.जी.आई. चंडीगढ़ आया हूं। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। स्वास्थ्य में अब काफी सुधार है।

फेसबुक के माध्यम से दीं जन्माष्टमी की शुभकामनाएं
वीरभद्र सिंह फिलहाल चंडीगढ़ में ही रुके हुए हैं। एक या दो दिन के बाद वे वापस शिमला आ सकते हैं। उन्होंने समस्त जनता को फेसबुक के माध्यम से जन्माष्टमी की भी शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से वे स्वस्थ हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के विधायक बेटे विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि उनके पिता की तबीयत ठीक है। हालांकि डाक्टर ने उन्हें घर ले जाने के लिए कहा है लेकिन एहतियातन वे उन्हें डाक्टरों की निगरानी में रखना चाहते हैं।

आई.जी.एम.सी. से शनिवार को मिली थी छुट्टी
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री को आई.जी.एम.सी. से शनिवार को छुट्टी दे दी गई थी। उसके बाद वे सैकेंड ओपिनियन के लिए चंडीगढ़ रवाना हो गए थे। आई.जी.एम.सी. में चिकित्सक ने एम.आर.आई. और सी.टी. स्कैन के अलावा सारे टैस्ट लिए थे, जिनकी रिपोर्ट सही बताई गई। वीरभद्र सिंह 3 दिन तक आई.जी.एम.सी. में रहे थे। जब वे स्वस्थ हुए तभी उन्हें आई.जी.एम.सी. से छुट्टी दी गई थी।

छाती में दर्द के चलते आई.जी.एम.सी. में हुए थे भर्ती
बीते वीरवार को उनको छाती में दर्द होने व सांस लेने में दिक्कत होने पर उपचार के लिए आई.जी.एम.सी. में भर्ती किया गया था। आई.जी.एम.सी. में वीरभद्र सिंह के उपचार के लिए विशेष डाक्टर की टीम गठित की थी। अब वे अपने स्वास्थ्य को चंडीगढ़ में सीनियर चिकित्सक को दिखा रहे हैं। हालांकि अब उनके स्वास्थ्य में काफी सुधार बताया जा रहा है।

Vijay