Ex CM वीरभद्र सिंह के करीबी नेता थामेंगे भाजपा का दामन, पढ़ें खबर

Tuesday, Aug 21, 2018 - 10:48 PM (IST)

शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबी माने जाने वाले कांग्रेस नेता पूर्ण चंद ठाकुर जल्द भाजपा का दामन थाम सकते हैं। मंगलवार को पूर्ण चंद ठाकुर सहित जिला परिषद मंडी के 23 सदस्यों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से उनके सरकारी आवास ओकओवर में मुलाकात की। सूचना के अनुसार इस दौरान पूर्ण चंद ने जिला परिषद मंडी की पूर्व चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह की बेटी चंपा ठाकुर के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव  बारे भी मुख्यमंत्री को अवगत करवाया। मुख्यमंत्री से मिलने के बाद पूर्ण चंद ठाकुर सहित सभी जिला परिषद सदस्यों ने प्रदेश सचिवालय में बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, कृषि मंत्री डा. रामलाल मारकंडा, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री वीरेंद्र कंवर व अन्य मंत्रियों से भी मुलाकात की।

टिकट न मिलने पर द्रंग सीट से लड़ा था निर्दलीय चुनाव
विधानसभा चुनाव में द्रंग सीट से पूर्ण चंद ठाकुर को कांग्रेस टिकट नहीं मिलने के कारण उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा था। पूर्ण के मैदान में उतरने से पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर का खासा नुक्सान हुआ और भाजपा के जवाहर ठाकुर को जीत मिली। हालांकि वह वर्तमान में कांग्रेस से निष्कासित चल रहे हैं। पूर्ण चंद ने कहा कि जिस राजनीतिक दल में मान-सम्मान मिलता है, उस दल में शामिल होना कोई गलत बात नहीं है। उन्होंने कहा कि पहली बार मंडी को मुख्यमंत्री मिला है जो जिला के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ हैं और सही समय पर वह उचित निर्णय लेंगे।

Vijay