राम का निमंत्रण ठुकराने वाली कांग्रेस को राजनीति करने का अधिकार नहीं : शांता

Thursday, Feb 15, 2024 - 11:34 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राम का निमंत्रण ठुकराने वाली कांग्रेस को भारत में राजनीति करने का कोई अधिकार नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री शांता कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी जीवन भर राम राज्य का प्रचार करते रहे। रघुपति राघव राजा राम के भजन गाते रहे। अंतिम सांस लेते समय भी उनके मुहं से राम का नाम निकला परंतु उन्हीं का नाम लेकर राजनीति करने वाली कांग्रेस ने एक अदालत में जाकर लिखित बयान तक दिया कि राम केवल काल्पनिक हैं, फर्जी हैं, इतिहास में कभी हुए ही नहीं।

धीरे-धीरे आत्महत्या की कगार पर पहुंच रही कांग्रेस
शांता कुमार ने कहा कि कलकी धाम के पीठाधीश आचार्य प्रबोध कृष्णम कांग्रेस के नेता थे परन्तु वह कांग्रेस की राम विरोधी नीति के विरुद्ध थे और राम भक्त थे। इसीलिए कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया। उन्होंने कहा कि भारत की जड़ों से कटने के कारण कांग्रेस धीरे-धीरे आत्महत्या की कगार पर पहुंच रही है। यह देश का दुर्भाग्य है कि गांधी और नेहरू की कांग्रेस जो इस समय भारत की राजनीति में अकेली पूरे देश की पार्टी है, वह समाप्त होती जा रही है। ज्यो-ज्यों लोकसभा चुनाव निकट आ रहा है, कांग्रेस से बहुत से बड़े नेता बाकी पार्टियों में जा रहे हैं।

भारत का लोकतंत्र विपक्ष विहीन होता जा रहा
शांता कुमार ने कहा कि इस समय भारत की राजनीति में भाजपा के बाद केवल कांग्रेस ही सारे देश की पार्टी है। बाकी किसी एक प्रदेश की या एक परिवार की पार्टियां हैं। भारत जैसे बड़े देश में एक परिवार या एक प्रदेश की पार्टी पूरे देश की पार्टी नहीं बन सकती है। परिणाम यह है कि भारत का लोकतंत्र विपक्ष विहीन होता जा रहा है। यह भारत के भविष्य के लिए लाभदायक नहीं है। 2024 के लोकसभा चुनाव में टूटता-लंगड़ाता विपक्ष होगा। पूरे देश में भाजपा को कोई चुनौती नहीं होगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay