औपचारिकता से नहीं बल्कि दिल से काम करने से चलता है संगठन : धूमल

Saturday, Mar 26, 2022 - 06:35 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि संगठन मात्र औपचारिकताओं से नहीं चलता है बल्कि दिल से काम करने से ही संगठन चलता है और आगे बढ़ता है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को भी नसीहत देते हुए कहा कि पार्टी के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं से तालमेल बिठाएं और उनके सुख-दुख में भी भाग लें। उन्होंने कहा कि अब चुनावों का समय नजदीक है तथा पार्टी के कई कार्यक्रम अब आगामी समय में होंगे। इसलिए सभी पदाधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए पार्टी के कार्यक्रमों को कामयाब बनाने के लिए जुट जाएं। पूर्व मुख्यमंत्री टौणीदेवी माता मंदिर परिसर में सुजानपुर भाजपा मंडल की बैठक को संबोधित कर रहे थे। 

सुजानपुर भाजपा 6 अप्रैल को झनियारा में मनाएगी पार्टी का स्थापना दिवस   

धूमल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम 27 मार्च को रंगड़ पंचायत में होगा, जिसमें वे भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस है तथा सुजानपुर भाजपा झनियारा में पार्टी का स्थापना दिवस कार्यक्रम मनाएगी तथा 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अम्बेदकर जयंती कार्यक्रम हरसन में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे अब अपने जनसंपर्क अभियान के तहत हर बूथ पर जाएंगे तथा सरकार की योजनाओं को हर व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए आम कार्यकर्ता की तरह काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का सच्चा कार्यकर्ता वही होता है जो एक आम कार्यकर्ता की भांति पार्टी के हित के लिए लगातार काम करता है। वहीं बैठक में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के विस्तारक संजीव ठाकुर ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों को कहा कि वे चुनाव की तैयारियों में आज से ही जुट जाएं तथा केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाएं। 

5 सैक्टरों में बांटा सुजानपुर भाजपा मंडल, प्रभारी नियुक्त

बैठक में सुजानपुर भाजपा मंडल को 5 सैक्टरों में भी बांटा गया और इन सैक्टरों पर प्रभारी भी नियुक्त किए गए। टौणीदेवी सैक्टर का प्रभारी अनिल काकू को लगाया गया। वही ऊहल सैक्टर का प्रभारी प्रो. बिक्रम सिंह राणा, चौरी सैक्टर के प्रभारी पृथी चंद चौहान, बीड़ बगेहडा सैक्टर का प्रभारी प्यार चंद व झनियारा सैक्टर का प्रभारी अनिल कौशल को बनाया गया है। बैठक में विशेष रूप से भाजपा नेता विजय बहल, तिलक बहल, दिनेश चौहान, अर्चना चौहान,बीरेंद्र ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष बबली, पुन्नू राम सहित मंडल के अध्यक्ष व महामंत्री सहित अन्य समस्त पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay