दीवाली के बाद भी दिल्ली व चंडीगढ़ के लिए चलेगी विशेष बसें

Tuesday, Nov 06, 2018 - 03:02 PM (IST)

नादौन/हमीरपुर : हिमाचल पथ परिवहन निगम दीवाली पर बसों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए नादौन, धनेटा वाया बसारल तथा सेरा-नादौन से गलोड़ रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाएगा। एस.आर.टी.सी. के उपाध्यक्ष विजय अग्रिहोत्री ने बताया कि इसके बारे में उनकी विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक डिपो हमीरपुर से बातचीत हुई है। उन्होंने कहा कि दीवाली के लोकप्रिय त्यौहार पर बाहरी राज्यों को जाने तथा आने वाली बसों में आगामी कुछ दिनों तक पूरी बुकिंग को देखते हुए यह निर्णय लिया है। 

वहीं एच.आर.टी.सी. डिपो हमीरपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक विवेक लखनपाल ने बताया कि बताया कि सोमवार को हमीरपुर से दिल्ली के लिए 6 विशेष बसें भेजी गई हैं, जोकि मंगलवार को दिल्ली से यात्रियों को हमीरपुर लाएंगी वहीं चंडीगढ़ के लिए भी विशेष बसें रवाना की गई हैं। 6 नवम्बर को भी हमीरपुर डिपो से चंडीगढ़ के लिए आधा दर्जन विशेष बसें रवाना होंगी, जोकि यात्रियों को दीवाली पर घर पहुंचाएंगी। यही नहीं, हमीरपुर डिपो दीवाली पर्व के बाद भी यात्रियों को चंडीगढ़ और दिल्ली पहुंचाने के लिए विशेष बसों की सुविधा उपलब्ध करवाएगा। 


जो भी यात्री दीवाली के बाद दिल्ली-चंडीगढ़ जाना चाहेगा, उसे बस अड्डा हमीरपुर के बुकिंग काऊंटर पर बुकिंग करवानी पड़ेगी। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए हमीरपुर डिपो द्वारा दीवाली पर विशेष बसों की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।
 

kirti