नगर परिषद सोलन में फिर हुआ ईओ का तबादला

Monday, Feb 25, 2019 - 09:52 AM (IST)

सोलन : सोलन नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी का फिर तबादला हो गया है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद से ई.ओ. के पद पर यह 10वां तबादला है। बार-बार कार्यकारी अधिकारी बदले जाने के कारण नगर परिषद सोलन में कामकाज बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। जैसे ही नए कार्यकारी अधिकारी कार्य संभाल कर नगर परिषद में कार्य की गति शुरू करवाते हैं तो वैसे ही उनका तबादला हो जाता है। इससे जनता भी परेशान है। भाजपा सरकार सोलन नगर परिषद को स्थायी नप कार्यकारी अधिकारी नहीं दे पाई है। हालांकि इस बार तहसीलदार सोलन जोकि सोलन नप के कार्यकारी अधिकारी का पद भी संभाल रहे थे, का तबादला चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत हुआ है लेकिन इससे फिर नप में कार्य प्रभावित होने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के समय यहां पर कार्यकारी अधिकारी के पद पर बाबू राम नेगी आसीन थे। सत्ता परिवर्तन के बाद उनका तबादला कर दिया गया। इसके बाद तहसीलदार को यहां का अतिरिक्त चार्ज दिया गया। कुछ दिनों के बाद यहां पर परवाणु के कार्यकारी अधिकारी को सोलन का अतिरिक्त चार्ज दिया गया। इसके बाद उनका तबादला किया गया। इसके बाद आर.टी.ओ. को यहां का अतिरिक्त चार्ज दिया गया। इसके बाद उनसे भी यह चार्ज वापस लेकर तहसीलदार को दिया गया।

यह सिलसिला पिछले 1 वर्ष से ज्यादा समय से चला हुआ है। यहां पर भाजपा सरकार बनने के बाद से 10 ई.ओ. भेजे जा चुके हैं लेकिन किसी को भी नप का स्थायी चार्ज नहीं दिया गया है। ताजा घटनाक्रम में नप ई.ओ. का चार्ज संभाल रहे तहसीलदार सोलन का भी तबादला हो गया है, जिसके बाद अब सिरमौर जिला के सराह के एक अधिकारी को यहां का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। दूसरी ओर नप अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशों के बाद तहसीलदार का तबादला किया गया है और उन्हीं के पास नप के ई.ओ. का चार्ज भी था।

kirti