अब सैनेटरी नैपकिन से प्रदूषित नहीं होगा पर्यावरण, मासिकी भस्म चूल्हा करेगा ये काम

Friday, Nov 09, 2018 - 03:48 PM (IST)

धर्मशाला (नृपजीत निप्पी): इस्तेमाल हो चुके सैनेटरी नैपकिन से पर्यावरण को अब नुक्सान नहीं पहुंचेगा। सीवर, कचरे के गड्ढों, मैदानों और जल स्रोतों में बड़े पैमाने पर जमा हो रहे सैनेटरी नैपकिन के निपटारे के लिए किन्नौरी स्वयं सहायता समूह ने मासिकी भस्म चूल्हा तैयार किया है। तेल के टीन (पीपा) से यह चूल्हा तैयार किया गया है। इसमें बाहर से मिट्टी और गोबर का लेप किया गया है तथा एक चिमनी रखी गई है जबकि इस्तेमाल हो चुके सैनेटरी नैपकिन को डालने के लिए जगह भी बनाई गई है, वहीं चूल्हे के बीच में जाली और नीचे से लकड़ी डालने के लिए जगह रखी गई है ताकि आसानी से सैनेटरी नैपकिन का निपटारा किया जा सके।

सरस मेले में लगाया स्टाल
धर्मशाला में चल रहे राष्ट्रीय स्तर के सरस मेले में मासिकी भस्म चूल्हा के स्टाल पर हर किसी के कदम रुक रहे हैं। कुल्लू जिला के विकास खंड नग्गर के किन्नौरी स्वयं सहायता समूह ने कबाड़ के जुगाड़ से बनी वस्तुओं के स्टाल लगाए हैं। स्टाल में मासिकी भस्म चूल्हा भी रखा गया है, जिसमें महिलाएं सैनेटरी नैपकिन को भस्म कर सकती हैं और ऐसा करने से महिलाएं पर्यावरण को बचा सकती हैं।

बी.डी.ओ. नग्गर ने दिया आइडिया
किन्नौरी स्वयं सहायता समूह नग्गर ब्लॉक कि संचालिका सुमिता बोद्ध ने बताया कि किन्नौरी स्वयं सहायता समूह से अभी तक सिर्फ 11 महिलाएं जुडी हैं, जिन्होंने घर के कबाड़ से विभिन्न प्रकार की बेहतर वस्तुएं तैयार की हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें घर के कबाड़ से ऐसे उत्पाद बनाने का आइडिया बी.डी.ओ. नग्गर कल्याणी गुप्ता ने दिया है। सुमिता ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत वो काम कर रहे हैं और वो लोगों को सन्देश भी दे रहे हैं कि घर का कचरा घर पर ही खत्म करें। उन्होंने बताया कि इसी के तहत उन्होंने यह मासिकी भस्म चूल्हा तैयार किया है ताकि पर्यावरण को बचाया जा सके।

सरकार ने नहीं रखा डिस्पोज ऑफ करने का प्रावधान
उन्होंने बताया कि सरकार बोलती है कि पैड यूज करो लेकिन सरकार ने यह प्रावधान नहीं रखा कि इसको डिस्पोज ऑफ कैसे करना है उसी मद्देनजर रखते हुए उन्होंने यह मासिकी भस्म चूल्हा तैयार किया है ताकि महिलाएं अपने सैनेटरी नैपकिन यूज करने के बाद उनके द्वारा तैयार किए गए मासिक भस्म चूल्हे में डिस्पोज ऑफ कर सकती हैं।

कुसुम को भाया मासिकी भस्म चूल्हा
किन्नौरी स्वयं सहायता समूह नग्गर ब्लाक के स्टाल पर पहुंची कुसुम ने बताया कि जितनी भी वस्तुएं इस स्टाल पर रखी गई हैं रिसाइकिल की गई हैं लेकिन सबसे ज्यादा पसंद उनको मासिक भस्म चूल्हा आया है। उन्होंने बताया कि इस चूल्हे से सैनेटरी नैपकिन को डिस्पोज ऑफ किया जा सकता है और पर्यावरण को बचाया जा सकता है।

Vijay