इंजीनियर के घर चोरी करने वाला मुख्य आरोपी शिमला से गिरफ्तार

Thursday, May 18, 2017 - 06:10 PM (IST)

बिलासपुर: बरमाणा थाना के अंतर्गत एन.टी.पी.सी. कालोनी में गत दिनों एक इंजीनियर के घर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीसरे व मुख्य आरोपी को बरमाणा पुलिस की टीम ने शिमला से गिरफ्तार किया है। आरोपी को बरमाणा थाना में लाकर पूछताछ की जा रही है। बता दें कि गत 30 अप्रैल को चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था लेकिन तीसरा व मुख्य आरोपी अश्विनी कुमार पुत्र अवतार सिंह निवासी जमथल पुलिस के हाथ नहीं आया था। 

गुप्त सूचना पर गिरफ्तार किया आरोपी
बरमाणा थाना प्रभारी केसर सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी को पकडऩे के लिए बरमाणा थाना से ए.एस.आई. बलदेव, एच.सी. संजीव पुंडीर, एच.एच.सी. बलदेव राज को लगाया गया था। उक्त आरोपी जिला सत्र न्यायालय से जमानत रद्द होने को लेकर फरार हो गया था। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के अनुसार आरोपी को वीरवार सुबह शिमला से गिरफ्तार किया। बरमाणा थाना के अंतर्गत अन्य चोरी के मामलों में भी उक्त आरोपी पर संदेह है।