बद्दी में अवैध निर्माण पर चला प्रशासन का पीला पंजा, गिराए प्रवासियों के मकान (Video)

Friday, Jul 12, 2019 - 03:53 PM (IST)

बद्दी (संजीव बस्सी): सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में अवैध निर्माण पर प्रशासन का पीला पंजा चला है। वार्ड नंबर-6 काठा में प्रशासन ने कुछ अवैध निर्माणों को तोड़ गिराया। वहीं इस भूमि पर बने कमरों में रह रहे लोगों को 1 सप्ताह के भीतर मकानों को खाली करने के निर्देश दिए। शिकायतकर्ता सरदार बंत सिंह, सरदार लक्ष्मण सिंह पुत्र अमर सिंह व छोटू राम व चूड़ा राम ने वर्ष 2016 में राजस्व विभाग को शिकायत की थी। हालांकि प्रशासन इतने लंबे समय के बाद जागा और शिकायतकर्ताओं को न्याय मिला। उन्होंने वर्ष 2016 में राजस्व विभाग को शिकायत दी थी कि गांव काठा में 10 विसवा शामलात भूमि पर पूर्व कांग्रेसी पार्षद ने कब्जा करते हुए अवैध निर्माण किया है। 

उन्होंने शिकायत में बताया था कि वर्ष 2007 में इस शामलात भूमि पर वार्ड नंबर-6 के पूर्व कांग्रेसी पार्षद ने इस भूमि पर 22 से अधिक कमरे बनाए थे और वह उसका किराया भी वसूल कर रहा था। मामला राजस्व विभाग के पास आने के बाद लंबी जांच प्रक्रिया और निशानदेही के बाद गुरुवार को प्रशासन ने इस शामलात भूमि पर हुए अवैध कब्जे व निर्माण को गिराने का फैसला लिया। इस कार्रवाई के बाद विद्युत विभाग भी हरकत में आ गया है। उन्होंने यहां लगे बिजली के मीटरों को हटाने के निर्देश जारी कर दिए हैं और शुक्रवार को यहां से बिजली कनेक्शन भी काट दिए जाएंगे। मामला विद्युत विभाग के पास भी पहुंचा है। अवैध निर्माण में मीटर कैसे लगे इसकी जांच की जाएगी। विद्युत विभाग ने उनको यहां लगे मीटर व बिजली के कनेक्शन काटने के आदेश जारी कर दिए हैं।

Ekta