चुनाव ड्यूटी में गए कर्मचारियों को अब तक नहीं मिला TA-DA

Friday, Apr 20, 2018 - 11:17 AM (IST)

शिमला: पिछले नवंबर महीने में विधानसभा चुनाव में ड्यूटी देने वाले कर्मचारियों को अभी तक टी.ए.-डी.ए. नहीं दिया गया है। इस दौरान 50,000 कर्मचारियों ने चुनाव के दौरान अपनी सेवाएं दी थीं। इनमें 37,625 कर्मचारी व 15,000 जवान शामिल थे। चुनावों को हुए 4 माह बीत गए हैं लेकिन आयोग द्वारा अभी तक कर्मचारियों को टी.ए.-डी.ए. नहीं दिया गया है। सूत्रों की मानें तो चुनाव आयोग हमेशा ही कर्मचारियों के टी.ए.-डी.ए. देरी से जारी करता है। इस बार भी अप्रैल माह शुरू हो गया है लेकिन इस संबंध में आयोग की ओर से कोई निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। 


हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से इस चुनाव में 400 से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इस दौरान विश्वविद्यालय की अहम शाखाओं से कर्मचारियों को भेजा गया था। इनके गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ के पूर्व महासचिव नरेश कुमार शर्मा का कहना है कि इस दौरान प्रदेश के दूरदराज के क्षेत्रों में वि.वि. के कर्मचारियों ने चुनावी ड्यूटी दी, लेकिन आयोग ने अभी तक कर्मचारियों को इसका टी.ए.-डी.ए. नहीं दिया है। पूर्व महासचिव ने आयोग से कर्मचारियों का डी.ए.-डी.ए जल्द देने की मांग की है।


31 मार्च को 3 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले कर्मचारियों को किया जाए नियमित
विश्वविद्यालय गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ के पूर्व महासचिव व हिमाचल प्रदेश अनुबंध अध्यापक संघ ने प्रदेश सरकार से 31 मार्च को 3 साल का कार्यकाल पूरा करने वाले कर्मचारियों व अध्यापकों को नियमित करने की मांग की है। इस समय विश्वविद्यालय में 300 से ज्यादा ऐसे कर्मचारी हैं, जिन्होंने 3 साल का कार्यकाल पूरा किया है। दूसरी तरफ शिक्षा विभाग में ऐसे 1,000 से ज्यादा शिक्षक हैं जो उक्त अवधि के बाद नियमित होने हैं। शिक्षक व कर्मचारी नेताओं ने सरकार से मांग की है कि जल्द इस इस संबंध में निर्देश जारी कर उन हजारों कर्मचारियों व शिक्षकों को राहत दी जाए, जो इस समय नियमित होने का इंतजार कर रहे हैं।


टी.ए.-डी.ए. के लिए केंद्र व राज्य सरकार 50-50 प्रतिशत देती हैं बजट
कर्मचारियों के टी.ए.-डी.ए. के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार आयोग को 50-50 प्रतिशत बजट देती है। सूत्रों की मानें तो इसके लिए बजट एलॉट कर दिया गया है, जल्द ही आयोग चुनाव ड्यूटी में गए कर्मचारियों का टी.ए.-डी.ए. जारी करेगा।


 

Ekta