जोगिंद्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष के खिलाफ कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, जानिए क्यों

Sunday, Dec 16, 2018 - 10:03 PM (IST)

सोलन: जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक कर्मचारी संघ सोलन ने बैंक के अध्यक्ष विजय ठाकुर के खिलाफ  मोर्चा खोल दिया है। बैंक कर्मचारियों का कहना है कि कर्मचारियों को बेवजह परेशान किया जा रहा है और उनकी समस्याओं पर कोई गौर नहीं किया जा रहा है। बैंक कर्मचारी संघ की बैठक रविवार को अध्यक्ष अजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जोगिंद्रा बैंक सोलन के अध्यक्ष विजय ठाकुर की बैंक कर्मचारियों के प्रति नकारात्मक कार्यप्रणाली के बारे में चर्चा की गई।

कर्मचारियों के प्रति अध्यक्ष का रवैया उदासीन

बैंक कर्मचारियों का कहना था कि उनके प्रति अध्यक्ष का रवैया उदासीन है, जिसका बैंक की कार्यप्रणाली पर बुरा असर पड़ रहा है। बैंक कर्मचारियों द्वारा डर के माहौल में काम किया जा रहा है व उन्हें बिना वजह परेशान किया जा रहा है। अध्यक्ष का केवल 2-3 बैंक कर्मचारियों के साथ ही तालमेल है और उन्हीं के कहने पर कार्य किया जा रहा है। मुख्य कार्यालय के एक अधिकारी जिसकी वजह से बैंक का बहुत नुक्सान हुआ है उस पर कोई कार्रवाई भी नहीं हुई है और उसकी सलाह से ही अध्यक्ष द्वारा सारा कार्य किया जा रहा है। बोर्ड के निर्वाचित सदस्यों के साथ भी अध्यक्ष का तालमेल नहीं है और किसी भी मुद्दे पर उनकी सहमति आवश्यक नहीं समझी जाती।

कर्मचारी संघ को अपनाना पड़ेगा संघर्ष का रास्ता

स्पष्ट है कि अध्यक्ष का बैंक कर्मचारियों के प्रति दृष्टिकोण सही नहीं है। इसका प्रभाव बैंक के व्यापार पर पड़ रहा है। इस दौरान सभी सदस्यों ने निर्णय लिया कि आगामी समय में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व सहकारिता मंत्री राजीव सहजल से मांग की जाएगी कि वर्तमान अध्यक्ष को शीघ्र पद से हटाया जाए ताकि बैंक का कार्य सुचारू रूप से चल सके और कर्मचारी बिना तनाव के कार्य कर सकें। यदि अध्यक्ष को पद से नहीं हटाया गया तो कर्मचारी संघ को संघर्ष का रास्ता अपनाना पड़ेगा और कर्मचारी इससे पीछे नहीं हटेंगे।

बैठक में इन मुद्दों पर हुई चर्चा

इसके अलावा बैठक में बैंक कर्मचारियों की वेतन वृद्धि, आऊटसोर्स कर्मचारियों को बैंक के नियमित पार्ट-टाइम कर्मचारी बनाने, बैंक कर्मचारियों के लिए पैंशन लागू करने, डेलीवेज कर्मचारियों को नियमित करने, बैंक कर्मचारियों के प्रमोशन से संबंधित कोर्ट में चल रहे केसों के निपटारे, व बैंक में वी.आर.एस. स्कीम लागू करने पर चर्चा हुई।

क्या कहते हैं बैंक के अध्यक्ष

जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक सोलन के अध्यक्ष विजय ठाकुर ने कहा कि मेरे पास कर्मचारियों का कोई डिमांड चार्टर नहीं आया है और न ही कर्मचारियों ने लिखित में कोई समस्याएं उनके सामने रखी हैं। कर्मचारी किस बात को लेकर नाराज हैं इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

Vijay