जल शक्ति विभाग के कर्मचारी ने भाजपा मंडल अध्यक्ष पर की फायरिंग, आरोपी मौके से फरार

punjabkesari.in Sunday, Aug 01, 2021 - 08:54 PM (IST)

शिमला (जस्टा): भाजपा मंडल कसुम्पटी के अध्यक्ष जितेंद्र पर जल शक्ति विभाग में तैनात एक कर्मचारी द्वारा दो बार बंदूक से फायर करने का मामला सामने आया है। गनीमत यह रही कि दोनों ही फायर मिस हो गए और भाजपा मंडल के अध्यक्ष ने अपनी जान बचाई। आरोपी कर्मचारी घर से फरार हो गया है। पुलिस ने आरोपी को ढूंढने के लिए तफ्तीश शुरू कर दी है। 

पौधारोपण कार्यक्रम से लौट रहे थे भाजपा मंडलाध्यक्ष

ढली थाना में भाजपा मंडल के अध्यक्ष ने शिकायत दी है कि जब वे पौधारोपण कार्यक्रम में लंबीधार गए थे तो वापस आते समय टिपरा के पास राजू नामक व्यक्ति सड़क पर बंदूक लेकर खड़ा था। उसने गाड़ी को रोका और दो बार बंदूक से फायर कर दिए लेकिन फायर दोनों ही बार मिस हो गए। भाजपा मंडल के अध्यक्ष जब गाड़ी से उतरे तो बड़े मुश्किल से पेड़ के पीछे छिपकर जान बचाई। आरोपी ने इस दौरान बंदूक के पिछली ओर से गाड़ी के बोनट में भी मारा और जान से मारने की धमकी दी। भाजपा मंडल अध्यक्ष का आरोप है कि राजू ने जानलेवा हमला किया है। 

दोनों के बीच पहले से चल रही थी आपसी रंजिश 

उधर, पुलिस का कहना है कि आरोपी घर से फरार है। यह हमला किस कारण से हुआ है। इसको लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक इनकी पहले से कुछ आपसी रंजिश भी चल रही थी। हालांकि अभी पुलिस भी यह तय नहीं कर पाई है कि आखिर राजू ने सरकारी कर्मचारी होते हुए भी ऐसा कदम क्यों उठाया है। आरोपी राजू पटगेर के टिपरा का रहने वाला है। पुलिस ने थाना ढली में मामला दर्ज किया है। मामले को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

पुलिस ने जब्त की बंदूक  

पुलिस ने आरोपी की बंदूक जब्त कर ली है। यह बंदूक पुलिस ने आरोपी के घर से बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को ढूंढने के लिए जगह-जगह छानबीन की है, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया है कि वह किस तरफ  चला गया है। पुलिस उसका पता लगाने के लिए लोगों से पूछताछ कर रही है।

जल्द ढूंढ लिया जाएगा आरोपी : एसपी

एसपी शिमला मोहित चावला ने बताया कि आरोपी को ढूंढने के लिए तलाश जारी है। जल्द ही आरोपी को ढंंूढ लिया जाएगा। आरोपी के खिलाफ थाना ढली में एफआईआर दर्ज कर ली है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News