अस्पताल में डेढ़ घंटे तक फर्श पर दर्द से तड़पती रही वृद्ध महिला, नहीं किया भर्ती

Friday, Dec 06, 2019 - 09:03 PM (IST)

पांवटा साहिब (ब्यूरो): पांवटा साहिब अस्पताल में मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था के बुरे हाल हैं। वीरवार देर रात अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में पहुंची 90 वर्षीय महिला ठंडे फर्श पर पड़ी दर्द से तड़पती रही लेकिन उसे भर्ती नहीं किया गया। बीती रात गिरिपार के दुर्गम क्षेत्र की ग्राम पंचायत दुगाना की 90 वर्षीय महिला शुपी देवी पत्नी मोथा राम को अचानक पेट में दर्द उठा, जिसके बाद परिजन उसे सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले आए। यहां पर डाक्टरों ने वृद्धा को अस्पताल में भर्ती करने की बजाय एक घंटा बाहर ही ठंडे फर्श पर पड़े रहने दिया।

वृद्धा के साथ आए परिजनों ने बताया कि पहले डॉक्टर ने प्राथमिक जांच के दौरान वृद्धा को 4 टैस्ट लिखे और कहा कि पहले टैस्ट करवा लो, उपचार उसके बाद ही हो पाएगा। अस्पताल की लैब बंद होने के कारण बाहर निजी लैब से टैस्ट करवाने पड़े, जिसमें लगभग डेढ़ घंटे का समय लग गया। रिपोर्ट आने तक एमरजैंसी वार्ड में भर्ती न करने की वजह वृद्धा ठंडे फर्श पर तड़पती रही।

परिजनों ने कहा कि सरकार व स्थानीय विधायक बड़े-बड़े वायदे तो करते हैं पर उनको साकार करने में असमर्थ रहे हैं। सीएमओ डॉ. केके पराशर ने बताया कि इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी। अभी तक उक्त मामले संबंधित कोई जानकारी नहीं है।

Vijay