बिजली के खंभे पर चढ़े विद्युत कर्मी को लगा करंट, गंभीर हालत में चम्बा अस्पताल रैफर

Sunday, Mar 24, 2019 - 09:54 PM (IST)

चम्बा: बिजली को ठीक करते समय एक व्यक्ति करंट की चपेट में आ गया, जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए मैडीकल कॉलेज अस्पताल चम्बा लाया गया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार हरदयाल पुत्र भागा राम निवासी गांव कुड़था डाकघर बैरागढ़ तहसील चुराह रविवार की सुबह करीब सवा 11 बजे ड्यूटी के दौरान अपने क्षेत्र की प्रभावित हुई बिजली व्यवस्था को बहाल करने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़ कर अपने कार्य को अंजाम दे रहा था तो अचानक से वह करंट की चपेट आ गया।

काफी ऊंचाई से नीचे गिरा विद्युत कर्मी

करंट लगने से वह काफी ऊंचाई से नीचे आ गिरा। इस घटना के चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार को लिए सिविल अस्पताल तीसा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मैडीकल कॉलेज अस्पताल चम्बा रैफर कर दिया गया। उधर, सूचना मिलने पर चम्बा पुलिस ने मैडीकल कॉलेज अस्पताल पहुंच कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है लेकिन घायल बिजली कर्मी बयान देने की स्थिति में नहीं था, जिसके चलते उसके साथ आए हुए व्यक्ति का बयान दर्ज किया गया।

Vijay