कुलदीप राठौर की अध्यक्षता में ही होंगे चुनाव, मुख्यमंत्री का फैसला बाद में : दीपा दास मुंशी

punjabkesari.in Thursday, Feb 17, 2022 - 06:45 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव) : कांगेस के पार्टी सदस्यता अभियान की पीआरओ और पश्चिम बंगाल से यूपीए सरकार में केंद्रीय मंत्री रही दीपा दास मुंशी ने कहा कि हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप राठौर हैं और उनकी अध्यक्षता में चुनाव होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री का फैसला विधायक दल करता है तथा हाईकमान ही इस पर समय आने पर फैसला लेगा। उन्होंने पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में कहा कि सपने देखना सबका अधिकार होता है लेकिन सपने सबके पूरे नहीं होते है। इसलिए कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने के सपने देखने का सबको अधिकार है और ये भी सच है कि मुख्यमंत्री कांग्रेस का ही बनेगा। स्थानीय सर्किट हाऊस में जिला कांग्रेस के सदस्यता अभियान की बैठक लेने के उपरांत दीपादास मुंशी कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर के साथ संयुक्त प्रैसवार्ता को संबोधित कर रही थीं। 

कोरोना के चलते कांग्रेस का सदस्यता अभियान हुआ लेट

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सदस्यता अभियान बहुत लेट हो गया है तथा ये 2 साल पहले पूरा हो जाना चाहिए था लेकिन कोरोना के चलते यह समय पर नहीं हो पाया, जिसके चलते वे स्वयं हर जिला में जाकर सदस्यता अभियान को लेकर कार्यकर्ताओ के साथ बैठकें करके इसे गति प्रदान करने की कोशिश कर रहीं हैं। उन्होंने कहा कि इस बार कांग्रेस के सदस्यता अभियान को डिजिटल व साइंटफिक तरीके से करवाया जा रहा है ताकि फर्जी सदस्यता न हो सके। उन्होंने कहा कि 31 मार्च तक सदस्यता अभियान पूरा किया जाएगा, फिर उसके बाद आगे की योजना बनेगी। उन्होंने कहा कि वे सिरमौर, सोलन व आज हमीरपुर तथा कल ऊना में कांग्रेस के सदस्यता अभियान की फीडबैक लेंगी, फिर उसके बाद अन्य जिलों में भी जाएंगी। 

जो 70 वर्षों तक कांग्रेस ने देश के लिए किया, उसे आज बेच रही मोदी सरकार

उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बड़े ही दुख की बात है कि जो 70 वर्षों तक कांग्रेस ने देश के लिए किया व देश के लिए बनाया था, आज उसे मोदी सरकार बेच रही है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद भाजपा के लोग कहते हैं कि कांग्रेस ने क्या किया लेकिन आज कांग्रेस के कार्यकर्ता व नेताओं को आम जनता तक इस बात को पहुंचना होगा तथा मोदी सरकार को सत्ता से हटाना होगा। 

उपचुनावों की हार के बाद मुख्यमंत्री डरे हुए हैं : राठौर

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने स्थानीय सर्किट हाउस में कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर उप चुनावों की हार के बाद बहुत डरे हुए है और अब चुनावी वर्ष में मुख्यमंत्री हर प्रकार की घोषणाएं बिना बजट के कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनावी वर्ष में कई गई घोषणाएं कभी पूरी नही होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश पर 70 हजार करोड़ रुपए का कर्जा हो गया है ऐसे में मुख्यमंत्री घोषणाओं पर घोषणाएं इसलिए कर रहे हैं कि जिस प्रकार उपचुनावों में भाजपा को हिमाचल में करारी हार मिली है उसी प्रकार आगामी विस चुनावों में भी भाजपा को हार मिलना तय है। इसके लिए प्रदेश की जनता ने अपना मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि गत दिवस चंडीगढ़ में कांग्रेस के बड़े नेताओं की प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से बैठक हुई। जिसमें आगामी नगर निगम शिमला के चुनावों के बारे में चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए शिमला नगर निगम चुनाव जितना बहुत महत्वपूर्ण है तथा इसकी तैयारियां में कांग्रेस जुट गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के 22 विस क्षेत्रों में पिछले 30-35 बर्षो से लगातार हार रही है और अब कांग्रेस उक्त विस क्षेत्रों पर भी बहुत ज्यादा फोकस कर रही है तथा इनमे भी अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है।

जिला कांग्रेस ने कुलदीप राठौर की अध्यक्षता में चुनाव करवाने के लिए पारित किया प्रस्ताव 

स्थानीय सर्किट हाउस में जिला कांग्रेस के सदस्यता अभियान की बैठक लेने आई कांग्रेस के सदस्यता अभियान की पीआरओ दीपा दास मुंशी व प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के समक्ष ही जिला कांग्रेस की तरफ से उपाध्यक्ष अनिल वर्मा ने कुलदीप राठौर की अध्यक्षता में चुनाव करवाने का प्रस्ताव रखा। जिसे हाउस में बैठे सभी सदस्यों ने एकमत से  पारित कर दिया। वही इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता दीपक शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष व सुजानपुर के विधायक राजेन्द्र राणा, पूर्व विधायक अनिता वर्मा, जिला अध्यक्ष राजेंद्र जार, कांग्रेस नेता अजय भन्द्रालिया, अभिषेक राणा, शगुन दत्त शर्मा, बृज मोहन सोनी, तेजनाथ, लेखराज ठाकुर सहित तमाम कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News