चुनाव परिणाम शीघ्र घोषित करने के लिए आयोग को पत्र लिखेंगे CM वीरभद्र

Tuesday, Nov 14, 2017 - 09:19 AM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि वह हिमाचल प्रदेश में चुनाव परिणाम शीघ्र घोषित करने के लिए चुनाव आयोग को पत्र लिखेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम घोषित करने में देरी होने से प्रदेश के विकासात्मक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वीरभद्र सिंह यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के साथ ही गुजरात के चुनाव करवाए जाने चाहिए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि गुजरात के चुनावी कार्यक्रम को जानबूझ कर टाला गया। 


देश की जनता के ऊपर से प्रधानमंत्री का जादू उतरा
उन्होंने दावा किया कि गुजरात में चुनाव देरी से करवाए जाने के बावजूद वहां पर भाजपा को इसका लाभ नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश की जनता के ऊपर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू उतर चुका है। जनता अब जान चुकी है कि उसे झूठे सपने दिखाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में प्रधानमंत्री की तरफ से किया गया प्रचार निम्र स्तर का था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कुछ ऐसी टिप्पणियां कीं जो एक घमंडी व्यक्ति ही कर सकता है। प्रधानमंत्री का पद गरिमामय होता है और वहां पर बैठे नेता को उसकी गरिमा के अनुरूप ही बयानबाजी करनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि राज्य में कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी और चुनाव परिणाम में यह बात सामने आ जाएगी। 


कुछ टिकटों को छोड़ सही हुआ वितरण
वीरभद्र सिंह ने कहा कि कुछ टिकटों को छोड़ पार्टी आलाकमान की तरफ से इनका सही वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ सीटों पर गलतियां संभवतया इस कारण हुईं क्योंकि हाईकमान को सही फीडबैक नहीं मिल पाई। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ कांग्रेस नेताओं का निष्कासन जल्दबाजी में हुआ है। उधर मतदान के बाद सोमवार को प्रदेश सचिवालय में रौनक लौट आई। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सोमवार को कुछ समय के लिए प्रदेश सचिवालय में आए। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स, उद्योग मंत्री मुकेश अग्रिहोत्री और मुख्य संसदीय सचिव विनय कुमार भी सचिवालय में बैठे। इस दौरान मुख्यमंत्री सहित अन्य नेताओं ने आवश्यक सरकारी कामकाज को देखा।