चुनाव में सोनिया गांधी और राहुल होंगे कांग्रेस का चेहरा: बाली

Saturday, May 13, 2017 - 10:42 AM (IST)

पालमपुर: परिवहन मंत्री जी.एस. बाली ने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का चेहरा सोनिया गांधी व राहुल गांधी होंगे। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह राज्य के मुख्यमंत्री हैं तथा कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष, अध्यक्ष पद का दायित्व देख रहे हैं परंतु कांग्रेस का प्रमुख चेहरा सोनिया और राहुल हैं। राज्य से संबंधित चेहरे के बारे पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि यह उस समय की रणनीति के आधार पर तय किया जाएगा। परिवहन मंत्री जी.एस. बाली ने कहा कि कांगड़ा राजनीतिक दृष्टि से सभी राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण है। 


जैस-जैसे चुनाव निकट आएंगे तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी
कांगड़ा से मुख्यमंत्री बनाए जाने के प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि यह रणनीति तभी बनेगी जब चुनाव घोषित होंगे तथा यह तय होने पर इसका ब्यौरा सार्वजनिक किया जाएगा। यद्यपि बाली ने खुद मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल होने संबंधी पूछे गए प्रश्न को टालते हुए कहा कि अब चूंकि चुनाव निकट हैं, ऐसे में सबकी दौड़ समाप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जो जनता के निरंतर बीच रहे, उन्हें ज्यादा दौड़ लगाने की आवश्यकता नहीं परंतु जो गाहे-बगाहे अपने विधानसभा क्षेत्र में जाते रहे हैं, लोग अब उन्हें पूछना शुरू कर देंगे। जैस-जैसे चुनाव निकट आएंगे तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी। 


जब मेरा नाम आए तब बता देना: बाली
भाजपा और अन्य दलों में जाने की अटकलों पर प्रतिक्रिया देते हुए बाली ने कहा कि इस पर टिप्पणी करना कठिन है परंतु क्या किसी को उनके व्यवहार से लगा कि वह कहीं आ-जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कौन क्या कहता है इस पर उनका नियंत्रण नहीं परंतु वह बखूबी जानते हैं कि उन्हें क्या करना है। राज्य अध्यक्ष के रूप में नाम चर्चा में आने बारे प्रश्र को भी बाली ने टालते हुए कहा कि जब मेरा नाम आए तब बता देना। बाली ने कहा कि कंडक्टरों की भर्ती का मामला न्यायालय के विचाराधीन है तथा उच्च न्यायालय ने 31 मई तक इस पिटीशन पर निर्णय किए जाने के निर्देश दिए हैं जो एक महत्वपूर्ण बात है। बाली ने कहा कि परिवहन निगम 350 नई बसों का बेड़ा खरीदने जा रहा है।