घर में अकेली रह रही बुजुर्ग महिला की हत्या, फैली सनसनी

Thursday, Sep 28, 2017 - 07:38 PM (IST)

नेरचौक: बल्ह घाटी के सकरोहा में एक वृद्ध महिला हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। वृद्धा की पहचान फूलमू देवी (75) पत्नी स्व. चुहड़ू राम निवासी सकरोहा के रूप में हुई है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार पास में रहने वाली महिला डोलमा देवी प्रात: जब वहां से गुजर रही थी तो उसकी नजर फूलमू देवी पर पड़ी जो घर के पीछे गिरी हुई थी। संदिग्ध अवस्था में देख उसने आसपास के लोगों को बुलाया और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही बल्ह पुलिस तुरंत घटनास्थल पहुंची और मौके का जायजा लेने के उपरांत पुलिस डॉग स्क्वायड को भी घटनास्थल पर बुला लिया। गांववासियों का कहना है कि 25 साल पहले हुई पति की मौत के बाद फूलमू देवी अकेली ही रहती थी।

पैसों के लालच में की गई हत्या 
पुलिस द्वारा जांच पड़ताल करने पर पाया गया कि फूलमू देवी के घर पर एक बक्से में से सामान व नकदी 8500 रुपए बाहर बिखरे पड़े हुए मिले हैं, वहीं मृतका के कान में पहनी सोने की बालियां भी गायब हैं। पुलिस को शक है कि किसी ने पैसों के लालच में महिला की हत्या कर दी होगी। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी बल्ह संजीव सूद ने बताया कि पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। वहीं डी.एस.पी. सुंदरनगर तरणजीत का कहना है कि फोरैंसिक लैब से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही तथ्य सामने आने की उम्मीद है।