Chamba News: चीड़ की सूखी पत्तियों पर फिसला पैर, खाई में गिरकर हुई बुजुर्ग की मौत
punjabkesari.in Sunday, Jun 28, 2026 - 08:56 PM (IST)
चम्बा (रणवीर): हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जिले की ग्राम पंचायत सिढ़कुंड में गहरी खाई में गिरकर एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई है। मृतक की पहचान कर्म चंद पुत्र लच्छो राम निवासी गांव शक्तिदेहरा व जिला चम्बा के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया है।
जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा शनिवार दोपहर बाद पेश आया। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग कर्म चंद अपने गांव के साथ ही लगते दूसरे गांव में किसी निजी काम से पैदल जा रहे थे। जब वह रास्ते में जंगल से गुजर रहे थे, तभी वहां गिरी हुई सूखी चीड़ की पत्तियों पर अचानक उनका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने के कारण वह सीधे एक गहरी खाई में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी चम्बा पुलिस चौकी को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत कर्म चंद को खाई से बाहर निकाला और इलाज के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा ले गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मेडिकल कॉलेज चम्बा के एमएस डॉ. प्रदीप ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जब उक्त व्यक्ति को अस्पताल लाया गया, तो अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं, इस मामले पर एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना की टीम ने तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचकर मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का मेडिकल कॉलेज चम्बा में पोस्टमार्टम करवाया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

