देवभूमि शर्मसार, 70 वर्षीय वृद्ध ने 10 साल की मासूम से जंगल में की ये घिनौनी हरकत

Wednesday, Nov 21, 2018 - 08:10 PM (IST)

सिहुंता: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिला के अंतर्गत आते भटियात की एक पंचायत में 70 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति पर 10 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है तो साथ ही बच्ची का बुधवार को सिविल अस्पताल डल्हौजी में मैडीकल करवाया। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना चुवाड़ी के तहत आने वाली भटियात की एक पंचायत के एक 70 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति द्वारा अपने नजदीक के रिश्ते की लड़की के साथ दुष्कर्म करने की शिकायत दर्ज की गई है। बताया जा रहा है कि पांचवीं कक्षा की छात्रा के साथ यह घटना मंगलवार को घटी।

जंगल में ले जाकर किया दुष्कर्म

पीड़िता की मां ने पुलिस चौकी सिहुंता में अपनी शिकायत दर्ज करवाते हुए बताया है कि उसकी 10 वर्षीय बेटी को आरोपी मंगलवार को बहला-फुसला कर अपने साथ जंगल ले गया जहां उसने नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म किया। लड़की जब घर लौटी तो उसने अपने साथ घटी इस घटना के बारे में मां को बताया। इस पर महिला ने पंचायत प्रधान को इस बारे जानकारी दी। पंचायत प्रधान ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।

पुलिस ने गिरफ्तार किया आरोपी

मामले की गंभीरता को भांपते हुए सूचना मिलते ही एस.एच.ओ. चुवाड़ी मुकुल शर्मा सहित पुलिस टीम ने मौके पर जाकर मामले की जानकारी हासिल की है। मामले की पुष्टि करते हुए एस.पी. चम्बा डा. मोनिका ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 व पोस्को एक्ट की धारा- 6 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर अपनी जांच प्रक्रिया को शुरू कर दिया है।

Vijay