पांवटा अस्पताल में चिकित्सकों की बड़ी लापरवाही, 12 घंटे बाद भी भर्ती नहीं किया वृद्ध

Thursday, Jul 11, 2019 - 10:52 PM (IST)

पांवटा साहिब: सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में चिकित्सकों की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। देर रात एक वृद्ध को गंभीर अवस्था में एम्बुलैंस की सहायता से अस्पताल में लाया गया लेकिन 12 घंटे तक वृद्ध को भर्ती ही नहीं किया गया और न ही उसे उपचार दिया गया। पूरी रात आपातकालीन वार्ड में व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा रहा। जानकारी के अनुसार रामपुरघाट के बरोटीवाला के पास एक वृद्ध व्यक्ति सड़क किनारे बेहोशी की हालत में पड़ा था। बुधवार देर रात करीब 10 बजे किसी व्यक्ति ने उसे सड़क किनारे पड़ा देख 108 एम्बुलैंस को सूचना दी। इसके बाद वृद्ध को बेहोशी की हालत में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया। हैरानी की बात है कि बुधवार रात 10 बजे से वीरवार सुबह 10 बजे तक मरीज को भर्ती ही नहीं किया गया और न ही कोई उपचार दिया गया।

अस्पताल प्रभारी को दिए जाएंगे जांच के आदेश

वहीं जिला चिकित्सा अधिकारी के.के. पराशर ने बताया कि अभी तक इस तरह का मामला संज्ञान में नहीं आया है। अगर ऐसा है तो अस्पताल प्रभारी को जांच के आदेश दिए जाएंगे। सिविल अस्पताल पांवटा साहिब के प्रभारी संजीव सहगल ने बताया कि लापरवाही का मामला सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है।

Vijay